हफ्ते में कितनी बार बालों में तेल लगाना चाहिए?

हफ्ते में कितनी बार बालों में तेल लगाना चाहिए? - India TV Hindi
Image Source : FREEPIK
हफ्ते में कितनी बार बालों में तेल लगाना चाहिए?

ज्यादातर महिलाएं चाहती हैं कि उनके बाल लंबे, घने और काले रहें। लेकिन इन दिनों हेयरफॉल की वजह से लोग गंजेपन का शिकार हो रहे हैं। इसमें महिलाएं भी शामिल हैं। हेयरफॉल की सबसे बड़ी वजह है बालों की सही देखभाल  न करना। फैशन के चक्कर में ज्याजातर लोग बालों में तेल नहीं लगाते, जिससे बालों को जरूरी पोषण नहीं मिल पाता और बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं। ऐसे में बालों की ऑयलिंग करना बेहद जरूरी है। अब आपके मन में ये सवाल आ रहा होगा कि हफ्ते में कितने दिन बालों में तेल लगाना चाहिए। तो चलिए यहां जानते हैं बालों में कितने दिन तेल लगाएं। 

बालों में तेल लगाना क्यों है जरूरी? 

बालों में तेल लगाना सिर्फ एक पुरानी परंपरा नहीं है, बल्कि यह बालों की सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। जैसे शरीर को पोषण के लिए भोजन की जरूरत होती है, वैसे ही बालों और स्कैल्प को तेल की। बालों में तेल लगाने से कई तरह के फायदे मिलते हैं। चलिए जानते हैं इसके फायदे। 

 

1. गहरी कंडीशनिंग और नमी

बाहरी प्रदूषण, धूप और शैम्पू के रसायनों की वजह से बाल अपनी प्राकृतिक नमी खो देते हैं। तेल बालों के चारों ओर एक सुरक्षा कवच बनाता है, जिससे नमी अंदर लॉक हो जाती है और बाल रूखे या बेजान नहीं होते।

 

2. ब्लड सर्कुलेशन में सुधार 

जब आप तेल लगाते समय स्कैल्प की मालिश करते हैं, तो सिर में खून का दौरा तेज होता है। इससे बालों की जड़ों को भरपूर ऑक्सीजन और पोषक तत्व मिलते हैं, जिससे बालों की ग्रोथ बेहतर होती है।

 

3. बालों का झड़ना कम करें

नियमित तेल लगाने से बाल जड़ों से मजबूत होते हैं। यह स्कैल्प के रूखेपन को दूर करता है, जिससे खुजली और डैंड्रफ जैसी समस्याएं कम होती हैं। स्वस्थ स्कैल्प का मतलब है कम झड़ते बाल।

 

4. फ्रिज और दोमुंहे बालों से बचाव

तेल बालों के क्यूटिकल्स को चिकना बनाता है। इससे बाल उलझते कम हैं और ‘स्प्लिट एंड्स’ की समस्या काफी हद तक नियंत्रित रहती है।

 

कितनी बार लगाएं तेल? 

अगर आपका स्कैल्प ऑयली है तो हफ्ते में 1 बार या 10 दिन में एक बार तेल लगाना काफी है। तेल सिर्फ बालों की लंबाई पर लगाएं, जड़ों में ज्यादा न लगाएं। वहीं ड्राय स्कैल्प वाले लोग हफ्ते में 2 से 3 बार जड़ों में अच्छे से मसाज करें ताकि नमी बनी रहे। जबकि नॉर्मल स्कैल्प वाले लोग हफ्ते में 1 से 2 बार लगा सकते हैं। यह बालों की चमक और मजबूती बनाए रखने के लिए काफी है।

इन बातों का रखें ध्यान

ज्यादा देर तक न छोड़ें: तेल को रात भर लगाकर छोड़ना अच्छा है, लेकिन अगर आपकी स्किन पर पिंपल्स होते हैं, तो धोने से 2-3 घंटे पहले ही तेल लगाएं।

 

हल्का गुनगुना तेल: तेल को हल्का गर्म करके लगाने से यह स्कैल्प में बेहतर तरीके से सोखता है।

 

मसाज का तरीका: उंगलियों के पोरों से हल्के हाथों से मसाज करें। रगड़ने से बाल टूट सकते हैं।

 

ज्यादा तेल न लगाएं: बहुत ज्यादा तेल लगाने से उसे निकालने के लिए आपको ज्यादा शैम्पू इस्तेमाल करना पड़ेगा, जिससे बाल वापस ड्राय हो सकते हैं।

 

Latest Lifestyle News

Read More at www.indiatv.in