रिलीज से पहले कोर्ट में घिरी ‘द केरल स्टोरी 2’, सर्टिफिकेट रद्द करने की मांग

The Kerala Story 2: फिल्म रिलीज से पहले ही अगर सियासी और कानूनी घमासान शुरू हो जाए, तो समझिए मामला गंभीर है. विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ के साथ कुछ ऐसा ही हो रहा है. ट्रेलर सामने आते ही विवाद छिड़ गया है और अब मामला हाई कोर्ट तक पहुंच गया है. केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने फिल्म को नफरत फैलाने वाली बताया है. वहीं कई मौलानाओं ने भी इसे भावनाओं को आहत करने वाला और विवादास्पद करार दिया. पहले ‘घूसखोर पंडित’ और ‘यादव जी की लव स्टोरी’ जैसे टाइटल्स पर विवाद हुआ था, अब ‘द केरल स्टोरी 2’ को लेकर भी बहस तेज हो गई है.

केरल की छवि को गलत पेश करने का आरोप

इस मामले में केरल हाई कोर्ट में एक याचिका दाखिल की गई है. कन्नूर के रहने वाले श्रीदेव नम्मूदिरी ने कोर्ट से अपील की है कि फिल्म को दिया गया सर्टिफिकेट रद्द किया जाए. याचिका में कहा गया है कि फिल्म केरल की छवि को गलत तरीके से पेश करती है और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ सकती है. साथ ही यह भी दावा किया गया कि फिल्म कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती है.

विवादित फिल्म द केरल स्टोरी का सीक्वल

जस्टिस बीहू थॉमस की बेंच ने इस पर सुनवाई की और सीबीएफसी तथा फिल्म के प्रोडक्शन हाउस सनशाइन पिक्चर्स को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. अब इस मामले की अगली सुनवाई 24 फरवरी को होगी. बता दें, ‘द केरल स्टोरी 2  गोज बियॉन्ड’ साल 2023 में आई विवादित फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ का सीक्वल है. पहली फिल्म को लेकर भी काफी विरोध हुआ था, लेकिन इसके बावजूद उसने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की और दो नेशनल अवॉर्ड भी जीते.

यह भी पढ़ें: Ghuskhor Pandat: इस नाम से नहीं रिलीज होगी फिल्म, सुप्रीम कोर्ट ने दिया सख्त निर्देश

Read More at www.prabhatkhabar.com