Rafale Jets Make in India, Made In India Rafale Jets ‘मेक इन इंडिया के तहत मिलकर बनाएंगे राफेल जेट’, फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों का बड़ा बयान

Rafale jets Make in India, India France defence cooperation, Emmanuel Macron Rafale statement- India TV Hindi
Image Source : PTI
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों।

Rafale Jets Make in India: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने गुरुवार को भारत के साथ रक्षा सहयोग को और गहरा करने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि अब राफेल जेट को ‘मेक इन इंडिया’ के तहत भी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों देश राफेल जेट कार्यक्रम को आगे बढ़ाना चाहते हैं। मैक्रों ने कहा कि राफेल जेट का भारत में साथ मिलकर उत्पादन किया जाएगा, और यह भविष्य के ऑर्डरों का आधार बनेगा। इंडिया AI समिट के दौरान मीडिया से बात करते हुए मैक्रों ने कहा कि दोनों देशों के बीच ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ है, जो सामान्य रक्षा संबंधों से कहीं आगे जाती है।

‘नए ऑर्डर में मेक इन इंडिया मुख्य हिस्सा होगा’

मैक्रों ने पुष्टि की कि भारत ने हाल ही में राफेल विमानों के लिए नया ऑर्डर देने की इच्छा जताई है और इस प्लेटफॉर्म के आसपास औद्योगिक सहयोग को और मजबूत करना चाहता है। उन्होंने कहा, ‘राफेल पर हम और आगे बढ़ना चाहते हैं। भारत ने कुछ दिन पहले नए 114 राफेल विमानों के एक नए बैच का ऑर्डर देने की इच्छा जताई है और साथ में उत्पादन करने की भी। इस नए ऑर्डर में ‘मेक इन इंडिया’ मुख्य हिस्सा होगा।’ उन्होंने इसे आगे की ओर एक नया कदम बताया जिससे कि मौजूदा सहयोग मजबूत होगा और आगे की तरफ बढ़ेगा।

‘अन्य बड़े रक्षा क्षेत्रों में भी बढ़ा सकते हैं सहयोग’

मैक्रों ने साथ ही यह भी कहा कि राफेल के जैसा ही सहयोग मॉडल अन्य बडे़ रक्षा क्षेत्रों में भी हो सकता है जिनमें पनडुब्बियां भी शामिल हैं। मैक्रों ने एयरोस्पेस में भी साझेदारियां बढ़ाने की बात की, जो भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक और औद्योगिक सहयोग के नए युग का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि फ्रांस भारत में अधिक से अधिक स्थानीय सामग्री को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। फ्रांस की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए मैक्रों ने कहा कि राफेल कार्यक्रम में भी यही दृष्टिकोण लागू होगा। उन्होंने कहा, ‘हम बेहद प्रतिबद्ध हैं कि ज्यादा से ज्यादा भारतीय घटक हों और ज्यादा से ज्यादा महत्वपूर्ण डिवाइस भारत में बनें। आप हम पर भरोसा कर सकते हैं।’

Latest India News

Read More at www.indiatv.in