
Aurobindo Pharma share price : अरविंदो फार्मा की तेलंगाना स्थित यूनिट 7 मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी को US फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (US FDA) से नौ अहम आपत्तियां मिली हैं। इस खबर के चलते आज 18 फरवरी को अरबिंदो फार्मा के शेयर्स में भारी गिरावट आई है। इस फार्मा कंपनी के शेयर बुधवार को गिरकर 1,129.20 रुपये प्रति शेयर पर आ गए,जिससे इसकी दो सेशन की बढ़त का सिलसिला टूट गया। बता दें कि US FDA ने 28 जनवरी से 10 फरवरी के बीच इस यूनिट की जांच की थी।
क्या हैं US FDA की आपत्तियां?
CNBC-TV18 की रिपोर्ट के मुताबिक,US FDA ने अरबिंदो फार्मा की इस यूनिट में अपने इंस्पेक्शन के दौरान कई गंभीर गड़बडियां पाई हैं। इसमें साफ-सफाई और गंदगी को खास फोकस एरिया में से एक बताया गया है। US FDA ने कथित तौर पर पाया है कि इक्विपमेंट को सालों से साफ नहीं किया गया था। US FDA की ऑब्जर्वेशन रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि क्रॉस कंटैमिनेशन का लेवल लिमिट से 380 गुना ज़्यादा था। यूनिट के सिस्टम में E. Coli और पक्षियों की बीट भी मौजूद पाई गई।
FDA ने अपनी जांच में यह भी पाया है कि स्टाफ के पास रॉ डेटा का डिलीशन एक्सेस था। साथ ही बिना किसी वजह के ट्रायल रन भी थे। इसने माइक्रोबायोलॉजी डॉक्यूमेंट्स की बैकडेटिंग के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक डिसॉल्यूशन डेटा और फिजिकल रिकॉर्ड के बीच मिसमैच की भी जानकारी दी है।
US FDA की ऑब्जर्वेशन रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि इस यूनिट के उपकरण और बर्तन की नियमित सफाई नहीं होती है। कंप्यूटर या संबंधित सिस्टम पर उचित नियंत्रण नहीं है। मास्टर रिकॉर्ड्स में मैन्युफैक्चरिंग और कंट्रोल इंस्ट्रक्शन की कमी है। शिकायत रिकॉर्ड्स में जांच परिणाम और फॉलो-अप शामिल नहीं है। अनएक्सप्लेंड डिस्क्रिपेंसी (Unexplained Discrepancy) की समीक्षा नहीं की गई, क्वालिटी कंट्रोल का पालन नहीं किया गया और GMP प्रशिक्षण लगातार नहीं किया गया।
इस रिपोर्ट के बाद शेयर की कीमत में भारी गिरावट आई है। स्टॉक एक्सचेंज ने इस पर कंपनी से सफाई मांगी है। दोपहर 12.40 बजे तक कंपनी ने इस बारे में कोई बयान जारी नहीं किया था।
अरबिंदो फार्मा शेयर प्राइस
7 अप्रैल को 52 हफ़्ते के सबसे निचले स्तर 1,010 रुपये प्रति शेयर पर पहुंचने के बाद,पिछले साल 24 अप्रैल को स्टॉक में लगभग 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 52 हफ़्ते के सबसे ऊंचे स्तर 1,278.6 रुपये प्रति शेयर पर पहुंच गया। हालांकि,तब से स्टॉक में 12 प्रतिशत की गिरावट आई है। अरबिंदो फार्मा का मार्केट कैपिटलाइज़ेशन 67,000 करोड़ रुपये है और स्टॉक का P/E रेश्यो 19.62 है।
Read More at hindi.moneycontrol.com