India-France Innovation Forum: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी फोटो पोस्ट की. इस फोटो के कैप्शन में उन्होंने लिखा ‘जय हो’. इससे पहले मैक्रों ने मुंबई में इंडिया-फ्रांस इनोवेशन फोरम को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने भारत-फ्रांस के रणनीतिक साझेदारी के मजबूत रिश्ते पर जोर दिया और कहा कि फ्रांस हमेशा भारत का कमिटेड पार्टनर रहेगा.
भारत-फ्रांस इनोवेशन पर जोर
मैक्रों ने कहा कि अब दुनिया में बहस इस बात पर नहीं है कि भारत इनोवेट करता है या नहीं, बल्कि इस बात पर है कि कौन भारत के साथ इनोवेट करना चाहता है. उन्होंने कहा कि फ्रांस इसका एकमात्र साफ जवाब है और वह भारत के साथ मजबूती से खड़ा है. उनका संदेश था कि भारत-फ्रांस का रिश्ता हमेशा अमर रहेगा.
पेरिस में इनोवेशन डे मनाया जाएगा
मैक्रों ने बताया कि पीएम मोदी के सुझाव पर पेरिस में G7 सम्मेलन से एक दिन पहले इनोवेशन डे मनाया जाएगा. इसे फ्रेंको-इंडियन इनिशिएटिव के तहत आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम में दोनों देशों के कई स्टूडेंट्स और रिसर्चर्स हिस्सा लेंगे. पीएम मोदी और मैक्रों ने इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन लॉन्च करते हुए इनोवेशन के अलग-अलग क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने का फैसला किया.
भारतीय CEOs ने बनाई ग्लोबल पहचान
मैक्रों ने कहा कि इंडो-फ्रेंच पार्टनरशिप सिर्फ बड़ी टेक्नोलॉजिकल सफलता तक सीमित नहीं है. यह रोजमर्रा की जिंदगी को बेहतर, हेल्दी और सुरक्षित बनाने पर भी जोर देती है. उन्होंने भारत की टेक्नोलॉजिकल प्रगति की तारीफ की और बड़ी कंपनियों में भारतीय CEOs की ग्लोबल उपस्थिति पर प्रकाश डाला. उन्होंने अल्फाबेट, माइक्रोसॉफ्ट, IBM, एडोब और पालो ऑल्टो नेटवर्क्स जैसी कंपनियों में भारतीय मूल के लीडर्स का उदाहरण दिया और कहा कि भारत सिर्फ ग्लोबल इनोवेशन में हिस्सा नहीं लेता, बल्कि उसे लीड भी करता है.
Read More at www.abplive.com