दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में सक्रिय अपराध के सिंडिकेट पर बड़ी चोट करते हुए कुख्यात हिमांशु उर्फ ‘भाऊ’ गैंग के दो खतरनाक शार्पशूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. बाबा हरिदास नगर इलाके में हुई इस क्रॉस फायरिंग में एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया. गनीमत रही कि आरोपियों द्वारा चलाई गई गोली एक पुलिसकर्मी की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 22-23 जनवरी की दरमियानी रात करीब 1 बजे हिरनकुंडना से दिचाऊं कलां रोड पर यह मुठभेड़ हुई. खुफिया जानकारी मिलने के बाद क्राइम ब्रांच ने फ्लाईओवर के नीचे एक सफेद कार को घेर लिया. खुद को घिरता देख कार में सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान एक गोली हेड कॉन्स्टेबल संदीप की छाती पर लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई.
जवाबी फायरिंग में ‘मोगली’ घायल
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश विक्की उर्फ मोगली के पैर में जा लगी. इसके बाद पुलिस ने विक्की और उसके साथी चंदर भान को मौके से दबोच लिया. घायल विक्की को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. बताया जा रहा है कि विक्की पर हरियाणा पुलिस ने इनाम भी घोषित कर रखा था. ये दोनों हत्या, हत्या के प्रयास और उगाही जैसे कई संगीन मामलों में वांटेड थे.
हथियार सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़
बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनके हथियार सप्लाई नेटवर्क को भी ध्वस्त कर दिया है. पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अलीगढ़ से यामीन खान, गौतमबुद्ध नगर से सतीश उर्फ डल्लू और बाद में बदली से ईश्वर सिंह उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया. इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस ने अब तक कुल 5 पिस्टल, 28 जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल दो कारें बरामद की हैं. पुलिस अब गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है.
Read More at www.abplive.com