आगरा: संदूक में जाकर छुपा दहेज उत्पीड़न का आरोपी, पुलिस ने ऐसे ढूंढ निकाला

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले से हैरान कर देने वाली एक तस्वीर सामने आई है. जहां पुलिस की धर पकड़ से बचने के लिए एक आरोपी घर में रखे बड़े संदूक में छिप गया. पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पूरी तैयारी और वारंट के साथ गई थी. तभी तलाशी के दौरान जब संदूक खोलकर देखा तो आरोपी उसमें पकड़ा गया. 

दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के मामलों में दर्ज था केस

दरअसल राजस्थान के धौलपुर जिले के रहने वाले रंजीत नाम के इस युवक का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था और इस पर दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का केस भी दर्ज हो रखा था. इन मामलों में पुलिस ने इसके खिलाफ तीन वारंट जारी किए थे और वारंट जारी होते ही आरोपी अपना घर छोड़कर फरार हो गया था. 

धौलपुर जिले की पुलिस लगातार इसकी तलाश कर रही थी. इस बीच पुलिस को खबर लगी कि आरोपी युवक रंजीत आगरा में किसी परिचित के घर पर छिपा हुआ है. पुलिस वहां इसे पकड़ने के लिए पहुंची तो यह घर में रखे बड़े संदूक में छिप गया. घर में तलाशी लेने के दौरान पहले तो पुलिस वाले भी परेशान हुए. हालांकि पुलिस के पास पुख्ता सूचना थी, इसलिए पुलिसकर्मियों ने संदूक को खुलवाया तो वे हैरान रह गए. संदूक में आरोपी रंजीत छिपा हुआ था. 

पुलिस ने आरोपी का हैरान कर देने वाला वीडियो किया जारी

पुलिस ने आरोपी को संदूक से बाहर निकाल कर हिरासत में ले लिया. आरोपी रंजीत ने पुलिस से बचने के लिए अच्छी तरकीब ढूंढ निकाली थी, लेकिन उसकी यह चाल कामयाब नहीं हो सकी. पुलिस ने आरोपी को संदूक से बाहर निकाल कर उसे हिरासत में लिए जाने का हैरान कर देने वाला वीडियो जारी किया है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल भी हो रहा है. धौलपुर जिले के राजाखेड़ा थाने की पुलिस ने यह कार्रवाई थाना प्रभारी गंभीर सिंह की अगुवाई में की है.

Read More at www.abplive.com