Thailand School Shooting: थाईलैंड के स्कूल में 18 साल के बंदूकधारी ने की फायरिंग, 3 लोग हुए घायल

Thailand Police- India TV Hindi
Image Source : AP
Thailand Police

Thailand School Shooting:  थाईलैंड में एक बंदूकधारी की दहशत देखने को मिली है। यहां स्कूल में घुसे बंदूकधारी ने टीचरों और बच्चों को बंधक बना लिया था। पुलिस ने बताया कि बंदूकधारी स्कूल में तब घुसा जब छुट्टी होने वाली थी। लोकल मीडिया के मुताबिक हमलावर ने इस दौरान कुछ टीचरों और बच्चों को बंधक बना लिया था। बाद में अपडेट देते हुए एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार को दक्षिणी थाईलैंड के हाट याई जिले के एक स्कूल में गोलीबारी करने वाले बंदूकधारी को हिरासत में ले लिया गया है। बंधक बनाए गए सभी लोगों को रिहा करा लिया गया है। प्रशासन से जुड़े अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर बताया कि बुधवार को सोंगखला प्रांत के हाट याई में पातोंगप्रथानकिरिवात स्कूल में एक 18 साल का लड़का बंदूक लेकर घुसा था।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही हथियारबंद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची थीं। सैकड़ों बच्चे स्कूल से बाहर भागने में सफल रहे थे। कई टीचर और स्टूडेंट्स बिल्डिंग के अंदर फंस गए थे जिन्हें अब बाहर निकाल लिया गया है। हाट याई जिले के अधिकारियों ने कहा कि हिरासत में लिए गए बंदूकधारी से पूछताछ जारी है। लोकल मीडिया के मुताबिक शूटर से बचकर भागे एक सिक्योरिटी गार्ड ने कहा कि बंदूकधारी ने स्कूल के हेडमास्टर को गोली मारी है। एक दूसरे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में कम से कम 3 लोग घायल हुए हैं।

थाईलैंड में पहले भी हुई हैं घटनाएं

थाईलैंड में बंदूक से हिंसा और बंदूक रखना कोई नई बात नहीं है। यहां 2022 में एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने देश के पूर्वी हिस्से में एक नर्सरी में बंदूक और चाकू से हमला करके 36 लोगों को मार डाला था, जिसमें 22 बच्चे भी शामिल थे। 

यह भी पढ़ें:

बांग्लादेश में वोटिंग से पहले US सांसदों की बड़ी चेतावनी; चुनाव को बताया- ‘Not Free Or Fair’

Latest World News

Read More at www.indiatv.in