
HEG Shares: ग्रेफाइट कंपनी एचईजी के लिए आज का दिन भारी उठा-पटक वाला रहा। दिसंबर 2025 तिमाही के धमाकेदार कारोबारी नतीजे पर शुरुआती कारोबार में इसके शेयर 6% से अधिक उछल पड़े लेकिन फिर एकाएक इसने अपनी चाल बदल दी और इंट्रा-डे हाई से यह 11% से अधिक टूट पड़ा। यह स्थिति तो तब आई, जब दिसंबर 2025 तिमाही में इसका मार्जिन कई तिमाहियों के हाई पर पहुंच गया। बिकवाली का दबाव तो इतने तेज रहा कि निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद यह संभल नहीं पाया। फिलहाल बीएसई पर यह 4.85% की गिरावट के साथ ₹534.00 पर है। इंट्रा-डे में यह पिछले क्लोजिंग प्राइस ₹561.20 के मुकाबले 6.47% उछलकर ₹598.50 के लेवल तक चढ़ गया लेकिन फिर इस इंट्रा-डे डाई से यह 11.79% टूटकर ₹527.95 तक आ गया।
HEG के लिए कैसी रही दिसंबर 2025 तिमाही?
चालू वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही अक्टूबर-दिसंबर 2025 में एचईजी का कंसालिडेटेड लेवल पर ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 37.20% उछलकर ₹656.33 करोड़ और शुद्ध मुनाफा 146.69% बढ़कर ₹206.97 करोड़ पर पहुंच गया। ऑपरेटिंग लेवल पर बात करें तो इस दौरान कंपनी का ऑपरेटिगं मार्जिन 10.7% से उछलकर 21.7% पर पहुंच गया जोकि जून 2023 के बाद से सबसे अधिक है। इसने शेयरों को शुरुआती कारोबारी में तगड़ा सपोर्ट किया था और यह रॉकेट बन गया
हालांकि तिमाही आधार पर कंपनी के नतीजों ने कुछ मोर्चे पर झटका दिया तो ऊपरी स्तर पर मुनाफावसूली का दबाव भी दिखा। तिमाही आधार पर एचईजी का कंसालिडेटेड ऑपरेशनल रेवेन्यू 6.13% कमजोर हुआ। सितंबर 2025 तिमाही में इसे ₹699.22 करोड़ का रेवेन्यू हासिल हुआ था। हालांकि मुनाफे के मोर्चे पर तिमाही आधार पर भी कंपनी ने अच्छा परफॉरमेंस किया। सितंबर 2025 तिमाही में इसे ₹143.33 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हासिल हुआ था।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
एचईजी के शेयरों ने निवेशकों की ताबड़तोड़ कमाई कराई है और पिछले साल महज दस महीने में निवेश दो गुना से अधिक कर दिया था। इसके शेयर पिछले साल 17 फरवरी 2025 को ₹332.20 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह 10 ही महीने में 102.35% उछलकर 31 दिसंबर 2025 को ₹672.20 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। अब आगे की बात करें तो इंडमनी पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक इसे कवर करने वाले 3 एनालिस्ट्स में से सभी ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है। किसी ने इसे बेचने की सलाह नहीं दी है। इसका हाइएस्ट टारगेट प्राइस ₹700 और लोएस्ट टारगेट प्राइस ₹605 है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
Read More at hindi.moneycontrol.com