
Grover Jewells IPO Listing: गोल्ड ज्वेलरी बनाकर बेचने वाली ग्रोवर ज्वेल्स के शेयरों की आज NSE SME प्लेटफॉर्म पर प्रीमियम एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 19 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत ₹88 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी ₹96.00 पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 9.09% का लिस्टिंग गेन (Grover Jewells Listing Gain) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह ₹99.00 (Grover Jewells Share Price) पर पहुंच गया यानी कि आईपीओ निवेशक अब 12.5% मुनाफे में हैं।
Grover Jewells IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
ग्रोवर ज्वेल्स का ₹34 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 4-6 फरवरी तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का अच्छा रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 19.16 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 11.32 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 37.57 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 15.74 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 38,44,800 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹25.34 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Grover Jewells के बारे में
वर्ष 2021 में बनी ग्रोवर ज्वेल्स गोल्ड के गहनों की थोक बिक्री करती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो यह लगातार मजबूत हो रही है। वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹2.71 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹2.78 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2025 में ₹7.62 करोड़ पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम भी सालाना 34% से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर ₹460.95 करोड़ पर पहुंच गई। चालू वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-अक्टूबर 2025 में कंपनी को ₹10.45 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹473.22 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हो चुका है। अक्टूबर 2025 के आखिरी में कंपनी पर ₹28.30 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹16.48 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
Read More at hindi.moneycontrol.com