हरदोई: पत्नी को भगाने की रंजिश में युवक की हत्या, हिमाचल से लौटे भाई को उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बदले की आग ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. यहां ‘पत्नी को भगाने’ की पुरानी रंजिश में एक युवक की धारदार हथियारों से काटकर निर्मम हत्या कर दी गई. मृतक युवक हिमाचल प्रदेश से अपने गांव लौटा ही था कि घात लगाए बैठे आरोपियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया. इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए हैं.

घटना बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के बलेहरा गांव की है. यहां रहने वाले छोटकोनू सिंह के 36 वर्षीय पुत्र अक्षय सिंह की गांव के ही अंकित पिंकू, अजीत सिंह और अन्य लोगों ने मिलकर हत्या कर दी. जानकारी के मुताबिक, अक्षय सिंह रोजगार के सिलसिले में हिमाचल प्रदेश में रहता था और पिछले दो साल से हरदोई शहर में किराये के मकान में रह रहा था. वह कल ही अपने पैतृक गांव बलेहरा वापस आया था. लेकिन उसे क्या पता था कि गांव में पुरानी रंजिश की आग अब भी सुलग रही है और मौत उसका इंतजार कर रही है.

4 साल पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) अशोक कुमार मीणा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. एसपी ने बताया कि यह मामला दो परिवारों के बीच पुरानी रंजिश का है और मृतक व आरोपी आपस में रिश्तेदार ही बताए जा रहे हैं. दरअसल, करीब 4 साल पहले मृतक अक्षय का भाई अभय सिंह, मुख्य आरोपी पिंकू की पत्नी को भगा ले गया था. वे दोनों अभी भी हिमाचल प्रदेश में साथ रह रहे हैं. अपनी पत्नी के भाग जाने की इसी खुन्नस और समाज में हुई बदनामी का बदला लेने के लिए आरोपियों ने अभय के भाई अक्षय को निशाना बनाया.

पुलिस की टीमें गठित, आरोपियों की तलाश तेज

 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. एसपी अशोक कुमार मीणा ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीओ हरपालपुर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं. पुलिस लगातार दबिश दे रही है और दावा किया है कि जल्द ही सभी हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा. फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है.

Read More at www.abplive.com