कनाडा में कुचलेगा ‘खालिस्तान का फन’, अजीत डोभाल के पहुंचते ही पन्नू का SFJ आतंकी संगठन घोषित

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल की यात्रा के महज तीनों दिनों के भीतर ही कनाडा ने खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के सिख फॉर जस्टिस (SFJ) फोरम को टेररिस्ट कैटेगरी में डाला. कनाडा में आतंकी कैटेगरी में आने का मतलब है कि SFJ की सभी संपत्ति जब्त की जाएगी और किसी भी तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह प्रतिबंध लग जाएगा. 

कनाडा से दे रहा था भारत-विरोधी गतिविधियों को अंजाम

पिछले कुछ वर्षों से SFJ कनाडा में भारत-विरोधी गतिविधियों में लिप्त था और समय-समय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व पीएम इंदिरा गांधी के लिए अपमानजनक शब्दों सहित धमकियां देने में लगा था. अजित डोभाल ने पिछले हफ्ते (6-7 फरवरी) को कनाडा का दौरा कर अपने समकक्ष से मुलाकात की थी. मुलाकात में दोनों देश इस बात पर राजी हुए थे कि भारत-कनाडा की सिक्योरिटी और लॉ एंड ऑर्डर एजेंसियों में एक दूसरे के लाइजनिंग ऑफिसर तैनात किए जाएंगे.

भारत-कनाडा कॉमन एक्शन प्लान पर बनी सहमति

NSA अजित डोभाल ने शनिवार (7 फरवरी 2026) को कनाडा के प्रधानमंत्री की उप सचिव और राष्ट्रीय सुरक्षा एवं खुफिया सलाहकार नताली जी. ड्रौइन से मुलाकात की थी. दोनों पक्षों ने अपने राष्ट्रों और नागरिकों की सुरक्षा के लिए चल रही पहलों की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून प्रवर्तन मामलों पर भविष्य के सहयोग को निर्देशित करने के लिए एक कॉमन एक्शन प्लान पर सहमति व्यक्त की.

इस कदम का उद्देश्य संचार चैनलों को बेहतर बनाना और नशीली दवाओं की अवैध तस्करी, विशेष रूप से फेंटानिल प्रीकर्सर और अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध नेटवर्क की गतिविधियों सहित साझा खतरों पर जानकारी का तेजी से आदान-प्रदान करना है. दोनों अधिकारियों ने साइबर सुरक्षा में सहयोग को औपचारिक रूप देने का भी संकल्प लिया, जिसमें नीतिगत समन्वय और साइबर खतरों पर सूचनाओं का आदान-प्रदान शामिल है.

दिल्ली में खालिस्तानी आतंकी पन्नू के खिलाफ FIR दर्ज

दिल्ली में 26 जनवरी 2026 से पहले अशांति फैलाने की साजिश रचने के आरोप में सिख फॉर जस्टिस के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के खिलाफ केस दर्ज किया गया था. पन्नू की ओर से सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करने के बाद यह कार्रवाई की गई थी.

ये भी पढ़ें :  बांग्लादेश में वोटिंग से 48 घंटे पहले एक और हिंदू की हत्या, 62 साल के कारोबारी को दुकान में घुसकर मार डाला

Read More at www.abplive.com