Stock in Focus: सरकारी कंपनी को मिला ₹2800 करोड़ का ऑर्डर, फोकस में रहेगा स्टॉक – bhel bags massive rs 2800 crore order from coal india jv bcgcl strengthens order book psu stock in sharp focus

Stock in Focus: सरकारी डिफेंस और इंजीनियरिंग कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) को 10 फरवरी को करीब ₹2,800 करोड़ का लेटर ऑफ एक्सेप्टेंस (LoA) मिला है। इस प्रोजेक्ट की वैल्यू में कस्टम ड्यूटी और GST शामिल नहीं हैं। यह ऑर्डर भारत कोल गैसीफिकेशन एंड केमिकल्स लिमिटेड (BCGCL) से मिला है।

BCGCL का स्ट्रक्चर और प्रोजेक्ट की लोकेशन

BCGCL, कोल इंडिया लिमिटेड और BHEL का जॉइंट वेंचर है। इसमें कोल इंडिया की 51% और BHEL की 49% हिस्सेदारी है। यह ऑर्डर ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले के लखनपुर में बनने वाले कोल-टू-अमोनियम नाइट्रेट प्रोजेक्ट से जुड़ा है, जिसकी क्षमता 2,000 टन प्रतिदिन है।

यह ऑर्डर LSTK-2 पैकेज के तहत Syngas Purification Plant के लिए दिया गया है। इसके तहत BHEL डिजाइन, इंजीनियरिंग, उपकरणों की सप्लाई, सिविल वर्क, एरेक्शन, कमीशनिंग और ऑपरेशन व मेंटेनेंस (O&M) की जिम्मेदारी संभालेगा।

प्रोजेक्ट की समयसीमा

BHEL के मुताबिक, LoA की तारीख से 42 महीनों के भीतर प्रोजेक्ट का प्रारंभिक स्वीकृति चरण पूरा किया जाएगा। इसमें कमीशनिंग और परफॉर्मेंस गारंटी टेस्ट शामिल हैं। इसके बाद अगले 60 महीनों तक ऑपरेशन और मेंटेनेंस सेवाएं दी जाएंगी।

सरकार की हिस्सेदारी बिक्री की तैयारी

इसी बीच, सरकार BHEL में 5% तक हिस्सेदारी Offer for Sale (OFS) के जरिए बेचने पर विचार कर रही है। इसका फ्लोर प्राइस ₹255 से ₹260 प्रति शेयर के बीच रखा जा सकता है। इस हिस्सेदारी बिक्री से करीब ₹4,500 करोड़ जुटाए जाने की संभावना है।

यह नया ऑर्डर BHEL की हालिया ऑर्डर बुक को और मजबूत करता है। पिछले हफ्ते कंपनी को हिंडाल्को इंडस्ट्रीज से ₹1,200–1,500 करोड़ का ऑर्डर मिला था। 19 जनवरी को घोषित Q3 नतीजों में BHEL का रेवेन्यू सालाना आधार पर 16.4% बढ़कर ₹8,473 करोड़ रहा। EBITDA 79% उछलकर ₹546 करोड़ पहुंचा और मुनाफा ₹390 करोड़ रहा।

BHEL शेयरों का हाल

BHEL का शेयर मंगलवार को NSE पर 0.46% की तेजी के साथ ₹275.90 पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 24.58% चढ़ा है। वहीं, 1 साल में इसने 35.92% का रिटर्न दिया है। कंपनी का मार्केट कैप 96.07 हजार करोड़ रुपये है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Read More at hindi.moneycontrol.com