इंदौर में ‘नशा मुक्त अभियान’ के बीच एक साहसी महिला ने अपने ही पति के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. मल्हारगंज इलाके में रहने वाली एक पत्नी ने अपने पति द्वारा गांजा और स्मैक बेचने की शिकायत सीधे पुलिस कमिश्नर से की, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी पति के खिलाफ लसूड़िया थाने में मामला दर्ज कर लिया है.
पेशे से अकाउंटेंट और इंद्रानगर निवासी पीड़िता ने बताया कि उसका पति महालक्ष्मी नगर में पान की दुकान चलाता है. इस दुकान की आड़ में वह कॉलेज और हॉस्टल की लड़कियों को बड़े स्तर पर नशा सप्लाई करता है. हद तो तब हो गई जब पति घर में ही तराजू-कांटा रखकर गांजा और स्मैक की पुड़िया बनाने लगा. महिला ने बताया कि उसकी दो बेटियां हैं और घर के इस माहौल का उनकी शिक्षा और परवरिश पर बुरा असर पड़ रहा था.
विरोध करने पर पत्नी का सिर फोड़ा
जब महिला ने पति के इस काले कारोबार का विरोध किया, तो पति और ससुराल वालों ने उसे डराया-धमकाया. विवाद इतना बढ़ा कि पति ने पत्नी के साथ बुरी तरह मारपीट की, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं. पीड़िता का आरोप है कि उसने स्थानीय पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन तब गांजा जब्त नहीं किया गया.
कमिश्नर को भेजा वीडियो, तुरंत हुआ एक्शन
स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने पर पीड़िता ने हाई कोर्ट एडवोकेट रूपाली राठौर की मदद ली और सोमवार को सीधे पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह को कॉल किया. उसने घर में रखे मादक पदार्थों का वीडियो बनाकर कमिश्नर को भेजा. वीडियो और सबूत देखते ही कमिश्नर ने मामले की गंभीरता को समझा और लसूड़िया थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
पुलिस कमिश्नर संतोष सिंह ने बताया कि शिकायत मिलते ही तुरंत एक्शन लिया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने नशे के खिलाफ एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है, जिस पर कोई भी नागरिक सूचना दे सकता है; उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी.
Read More at www.abplive.com