दिल्ली सरकार ने राजधानी की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई ऊंचाई देने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ाया है. गोविंद बल्लभ पंत (जीबी पंत) अस्पताल में अत्याधुनिक तकनीक से लैस नई चिकित्सा सुविधाओं की शुरुआत की गई है, जिससे न सिर्फ दिल्ली बल्कि दूसरे राज्यों से आने वाले मरीजों को भी बड़ा फायदा मिलने वाला है.
अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने 256 स्लाइस सीटी स्कैन, वाइड कैथ लैब और नए आईसीयू का उद्घाटन किया. इस मौके पर अस्पताल प्रशासन और चिकित्सा जगत से जुड़े कई विशेषज्ञ भी मौजूद रहे.
अब सरकारी अस्पतालों में भी मिलेगा प्राइवेट जैसा इलाज
उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य सरकारी अस्पतालों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस करना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इलाज में अमीर और गरीब का अंतर खत्म करना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि हर नागरिक को समान और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें.
नॉर्थ इंडिया का पहला 256 स्लाइस सीटी स्कैन
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि जीबी पंत अस्पताल में लगाया गया 256 स्लाइस सीटी स्कैन अपनी श्रेणी में चुनिंदा मशीनों में से एक है और नॉर्थ इंडिया में पहली बार किसी सरकारी अस्पताल में इसे स्थापित किया गया है. यह मशीन कैंसर, हृदय रोग और अन्य गंभीर बीमारियों की तेज और सटीक जांच में बेहद कारगर साबित होगी. उन्होंने कहा, अस्पताल में नई न्यूरो कैथ लैब की शुरुआत के साथ न्यूरो विज्ञान से जुड़े इलाज को नई मजबूती मिलेगी. वर्ष 1964 से चिकित्सा सेवा और शिक्षा में अग्रणी रहे इस अस्पताल को लगभग 38 करोड़ रुपये की लागत से ये आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं.
पुरानी तकनीक हटाकर किया गया आधुनिक अपग्रेड
वहीं, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जीबी पंत अस्पताल में न्यूरो आईटी सिस्टम को पूरी तरह अपग्रेड किया गया है. पुरानी मशीनों को हटाकर नई तकनीक लगाई गई है, जिससे आम मरीजों को सीधे तौर पर बेहतर और तेज इलाज का लाभ मिलेगा.
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली की जनता को दिए गए भरोसे को आगे बढ़ाते हुए सरकार स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रही है. आने वाले समय में दिल्ली के अन्य अस्पतालों में भी एमआरआई, सीटी स्कैन और आधुनिक जांच सुविधाएं शुरू की जाएंगी.
दिल्ली सरकार का मानना है कि जीबी पंत अस्पताल में शुरू हुई ये नई सुविधाएं राजधानी की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत आधार देंगी और सरकारी अस्पतालों के प्रति लोगों के विश्वास को और गहरा करेंगी.
ये भी पढ़ें: क्या सुबह उठकर खाली पेट पानी पीना सही, इस वक्त ठंडा या गरम कौन-सा पानी पीना ज्यादा अच्छा?
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator
Read More at www.abplive.com