
Q3 Results: रेलवे सेक्टर से जुड़ी Texmaco Rail & Engineering Ltd ने सोमवार, 9 फरवरी को तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। इस तिमाही में कंपनी का मुनाफा और ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस दोनों ही दबाव में रहे।
तीसरी तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 44.2% घटकर 42.8 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में Texmaco Rail ने 76.7 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था।
रेवेन्यू में भी तेज गिरावट
Texmaco Rail का रेवेन्यू 21.5% की गिरावट के साथ 1,041 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी तिमाही में रेवेन्यू 1,326 करोड़ रुपये था। कम बिक्री का असर सीधे मुनाफे पर भी दिखा।
ऑपरेटिंग स्तर पर भी कंपनी का प्रदर्शन कमजोर रहा। EBITDA सालाना आधार पर 32.6% घटकर 88.3 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह 131 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन भी घटकर 8.5% रह गया, जो एक साल पहले 9.9% था।
फ्रेट वैगन सेगमेंट में ऑर्डर बुक मजबूत
हाल के महीनों में कंपनी की ऑर्डर बुक को सपोर्ट मिला है। पिछले महीने Texmaco Rail & Engineering को घरेलू बाजार से दो अलग अलग ऑर्डर मिले, जिनकी कुल वैल्यू 126 करोड़ रुपये से ज्यादा है। इससे फ्रेट वैगन सेगमेंट में कंपनी की स्थिति मजबूत हुई है।
IVC Logistics से मिला ऑर्डर
इन ऑर्डर्स में IVC Logistics की ओर से मिला 62.21 करोड़ रुपये (टैक्स को छोड़कर) का ऑर्डर शामिल है। इसके तहत कंपनी ACT1 वैगनों के रेक्स और BVCM डिजाइन-C वैगन सप्लाई करेगी। इस ऑर्डर को अगस्त 2026 तक पूरा किया जाना है।
APL Logistics से भी बड़ी डील
Texmaco Rail को APL Logistics Vascor Automotive से भी 64.06 करोड़ रुपये (टैक्स को छोड़कर) का ऑर्डर मिला है। इसमें ACT1 वैगनों के रेक्स और BVCM टाइप ब्रेक वैन की सप्लाई शामिल है। यह कॉन्ट्रैक्ट सितंबर 2026 तक पूरा किया जाएगा।
Texmaco Rail के शेयर
Texmaco Rail & Engineering Ltd का शेयर सोमवार को बीएसई पर 1.97% की तेजी के साथ 121.50 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 12.50% गिरा है। वहीं, 1 साल में यह 21.21% नीचे आया है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
Read More at hindi.moneycontrol.com