दिल्ली में ई-कॉमर्स से जुड़ी चोरी का बड़ा खुलासा हुआ है. सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस की नबी करीम थाने की टीम ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो महीनों से नामी कंपनी के गोदाम से ब्रांडेड लेडीज पर्स चोरी कर रहा था. दिल्ली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और करीब 4 लाख रुपये कीमत के 152 ब्रांडेड पर्स बरामद किए.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक मामला 6 फरवरी 2026 का है, जब एग्जॉटिक नाम की अंतरराष्ट्रीय ब्रांड के मालिक ने शिकायत दी कि पिछले एक महीने से उनके गोदाम से लगातार पर्स चोरी हो रहे हैं. पुलिस ने तुरंत केस दर्ज कर जांच शुरू की. पहले गोदाम के कर्मचारियों और मैनेजर से पूछताछ की गई, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी शुरू की और सोशल मीडिया पर सस्ते दामों में पर्स बेचने वाले करीब 100 अकाउंट खंगाले.
दिल्ली पुलिस की जांच में हुआ अहम खुलासा
दिल्ली पुलिस की जांच के दौरान एक संदिग्ध सोशल मीडिया पेज मिला जहां एक्ज़ॉटिक ब्रांड के पर्स बेहद कम कीमत पर बेचे जा रहे थे. पुलिस ने जाल बिछाते हुए एक नकली ग्राहक बनाकर 50 पर्स का ऑर्डर दिया. जैसे ही माल पहुंचा, टीम ने मौके पर छापा मारकर 152 चोरी के पर्स बरामद कर लिए और सत प्रकाश नाम के आरोपी को पकड़ लिया.
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने किया अहम खुलासा
दिल्ली पुलिस की पूछताछ में सत प्रकाश ने खुलासा किया कि फ्लिपकार्ट के पिकअप बॉय संतोष और राहुल गोदाम से हर दिन 2-3 पर्स चोरी करते थे. कैंसिल ऑर्डर भी गोदाम में लौटाने के बजाय गायब कर दिए जाते थे. दोनों आरोपी नबी करीम के तेल मिल गली इलाके से गिरफ्तार किए गए. पुलिस के मुताबिक यह चोरी लंबे समय से सुनियोजित तरीके से की जा रही थी. फिलहाल बाकी चोरी हुए पर्स की बरामदगी के लिए जांच जारी है.
Read More at www.abplive.com