Poonawalla Fincorp जुटाएगी ₹5500 करोड़ की इक्विटी कैपिटल, 3 एडवाइजर किए सिलेक्ट – poonawalla fincorp has shortlisted jefferies kotak mahindra capital and jp morgan as advisors for equity capital raise up to rs 5500 crore

पूनावाला ग्रुप की नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल कंपनी (NBFC) पूनावाला फिनकॉर्प 5500 करोड़ रुपये तक की इक्विटी कैपिटल जुटाना चाहती है। इसके लिए कंपनी ने 3 इनवेस्टमेंट बैंकों को सलाहकार के तौर पर शॉर्टलिस्ट किया है। यह पैसा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) या दूसरे तरीकों से जुटाया जाएगा। मनीकंट्रोल को सूत्रों से पता चला है कि हाल ही में इस डील के लिए जेफरीज, कोटक महिंद्रा कैपिटल और जेपी मॉर्गन से संपर्क किया गया है। इस ट्रांजेक्शन से पूनावाला फिनकॉर्प को आगे बढ़ने के लिए ग्रोथ कैपिटल मिलेगी।

मनीकंट्रोल के ईमेल से पूछे गए सवाल के जवाब में पूनावाला फिनकॉर्प ने कहा, “बोर्ड ने इक्विटी के माध्यम से 5500 करोड़ रुपये तक जुटाने को मंजूरी दे दी है, जिसमें QIP रूट भी शामिल है। अभी शेयरहोल्डर्स की मंजूरी लिया जाना बाकी है। हमारे पास इसे पूरा करने के लिए 12 महीने का समय है। इस स्टेज पर आगे कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी, और कोई भी अतिरिक्त अनुमान सिर्फ अटकलें होंगी।”

जनवरी में बोर्ड ने दी थी मंजूरी

16 जनवरी को पूनावाला फिनकॉर्प के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने प्रस्तावित कैपिटल जुटाने को सैद्धांतिक मंजूरी दी थी। जुलाई 2025 में पूनावाला फिनकॉर्प ने प्रमोटर एंटिटी राइजिंग सन होल्डिंग्स (अदार पूनावाला) से प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट रूट के माध्यम से 1,500 करोड़ रुपये तक जुटाने को मंजूरी दी थी। सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के CEO अदार पूनावाला बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के चेयरमैन हैं। फर्म की फाइनेंशियल सर्विसेज में प्रॉपर्टी के बदले लोन, गोल्ड लोन, प्राइम पर्सनल लोन, एजुकेशन लोन, कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन, बिजनेस लोन, इंस्टेंट कंज्यूमर लोन, कमर्शियल व्हीकल लोन, सप्लाई चेन फाइनेंस और NBFC लोन, पुरानी कारों के लिए फाइनेंस, प्रोफेशनल्स के लिए लोन, मशीनरी लोन और दुकानदार लोन शामिल हैं।

शेयर एक साल में 35 प्रतिशत चढ़ा

पिछले एक साल में पूनावाला फिनकॉर्प के शेयर की कीमत में 35 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। कंपनी का मार्केट कैप 35000 करोड़ रुपये से ज्यादा है। दिसंबर 2025 के आखिर तक पूनावाला फिनकॉर्प में प्रमोटर्स के पास 63.95 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट बढ़कर 150.22 करोड़ रुपये हो गया, जबकि रेवेन्यू 1,818.42 करोड़ रुपये रहा। पूनावाला फिनकॉर्प के पास 31 दिसंबर, 2025 तक 55,017 करोड़ रुपये के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) थे। साथ ही इसमें 5264 लोग काम करते थे।

Read More at hindi.moneycontrol.com