दक्षिणी दिल्ली में आज रात ट्रैफिक डायवर्जन, मेट्रो निर्माण के बीच MB रोड का ये हिस्सा रहेगा बंद

दक्षिणी दिल्ली में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए शनिवार (7 फरवरी) की रात एक अहम ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है. मेट्रो निर्माण कार्य के चलते MB रोड के एक प्रमुख हिस्से पर अस्थायी रूप से सड़क बंद रहेगी और ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा. ऐसे में बिना जानकारी यात्रा करने पर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार MB रोड पर खानपुर टी-पॉइंट से हमदर्द रेड लाइट तक का हिस्सा शनिवार रात से अस्थायी रूप से बंद रहेगा. यह बंदी मेट्रो निर्माण कार्य के कारण की जा रही है, ताकि काम को सुरक्षित और सुचारू रूप से पूरा किया जा सके.

कब तक बंद रहेगा यह हिस्सा?

यह ट्रैफिक डायवर्जन, शनिवार (7 फरवरी) की रात 11 बजे से लागू होगा और रविवार (8 फरवरी 2026) की सुबह 8 बजे तक प्रभावी रहेगा. इस दौरान आम वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. साकेत से संगम विहार की ओर जाने वाला डाउनलाइन ट्रैफिक खानपुर टी-पॉइंट से चिराग दिल्ली की ओर डायवर्ट किया जाएगा. वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे इस रूट का पालन करें और अनावश्यक रूप से बंद सड़क की ओर न जाएं.

अपलाइन ट्रैफिक के लिए तय किया गया रूट

संगम विहार से साकेत की ओर जाने वाले अपलाइन ट्रैफिक को हमदर्द रेड लाइट से रविदास मार्ग, तारा अपार्टमेंट और गोविंदपुरी की ओर मोड़ा जाएगा. ट्रैफिक पुलिस द्वारा इस मार्ग का नक्शा भी संदर्भ के लिए उपलब्ध कराया गया है.

डीएमआरसी ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और संभव हो सके तो वैकल्पिक समय या मार्ग का चयन करें. नियमों का पालन करने से न केवल आपका समय बचेगा बल्कि ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारू बनी रहेगी.

Read More at www.abplive.com