
Hero MotoCorp December Quarter Results: टूव्हीलर मेकर हीरो मोटोकॉर्प ने अक्टूबर-दिसंबर 2025 तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 14.4 प्रतिशत बढ़कर 1267.55 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 1107.55 करोड़ रुपये था। इस बीच ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 21.7 प्रतिशत बढ़कर 12486.82 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 10259.89 करोड़ रुपये था।
कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि दिसंबर 2025 तिमाही के दौरान उसके खर्च बढ़कर 10878.85 करोड़ रुपये के रहे। एक साल पहले खर्च 8977.63 करोड़ रुपये के थे। कंपनी में दिसंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 34.73 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
देगी 110 रुपये का अंतरिम डिविडेंड
हीरो मोटोकॉर्प ने तिमाही नतीजों के साथ-साथ वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 110 रुपये प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड भी घोषित किया है। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 11 फरवरी 2026 तय की गई है। इस तारीख तक जिन शेयरधारकों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे डिविडेंड पाने के हकदार होंगे। डिविडेंड का पेमेंट 7 मार्च 2026 तक कंप्लीट होगा।
Euler Motors में 275 करोड़ का करेगी निवेश
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में यह भी जानकारी दी है कि वह Euler Motors Private Limited में एक या एक से अधिक राउंड में 275 करोड़ रुपये डालेगी। इसके अलावा सोलर पावर व्हीलिंग प्रोजेक्ट में 3.25 करोड़ रुपये तक का निवेश करेगी। यह निवेश ग्रुप कैप्टिव मैकेनिज्म के तहत हरिद्वार में कंपनी के प्लांट के लिए किया जाएगा। साथ ही नीमराना में प्लांट, जयपुर में ग्लोबल पार्ट्स सेंटर और सेंटर फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी के लिए भी सोलर पावर व्हीलिंग प्रोजेक्ट में 4.67 करोड़ रुपये तक का निवेश किया जाएगा।
6 फरवरी को हीरो मोटोकॉर्प के शेयर में तेजी आ सकती है। 5 फरवरी को BSE पर शेयर 5768.80 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 1.15 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर 6 महीनों में 27 प्रतिशत चढ़ा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
Read More at hindi.moneycontrol.com