
Q3 Results: सरकारी रेल कंपनी RITES Ltd ने दिसंबर तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया। कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 2% बढ़कर ₹102 करोड़ रहा। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹100 करोड़ था। भले ही मुनाफे की बढ़त सीमित रही, लेकिन ऑपरेटिंग लेवल पर प्रदर्शन मजबूत रहा।
रेवेन्यू में 5.7% की बढ़ोतरी
तिमाही के दौरान RITES का रेवेन्यू 5.7% बढ़कर ₹608.6 करोड़ पहुंच गया। यह बढ़त कंपनी के मुख्य कंसल्टेंसी और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट सेगमेंट में लगातार और स्थिर एग्जिक्यूशन की वजह से आई। इन कोर बिजनेस सेगमेंट्स ने कंपनी की टॉपलाइन को सपोर्ट दिया।
EBITDA और मार्जिन में मजबूत सुधार
RITES ने ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस के मोर्चे पर बेहतर प्रदर्शन किया। EBITDA सालाना आधार पर 21.5% बढ़कर ₹142.5 करोड़ रहा, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹117.3 करोड़ था।
इसके साथ ही EBITDA मार्जिन बढ़कर 23.4% पहुंच गया, जो एक साल पहले 20.4% था। मार्जिन में यह सुधार बेहतर ऑपरेटिंग लीवरेज और लागत नियंत्रण को दिखाता है।
तीसरे अंतरिम डिविडेंड का ऐलान
नतीजों के साथ RITES ने निवेशकों को डिविडेंड का तोहफा भी दिया है। कंपनी ने FY26 के लिए तीसरा अंतरिम डिविडेंड ₹1.90 प्रति इक्विटी शेयर घोषित किया है, जो पेड-अप शेयर कैपिटल का 19% है।
डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 10 फरवरी 2026 तय की गई है और इसका भुगतान 5 मार्च 2026 या उससे पहले किया जाएगा।
शेयर बाजार में RITES का हाल
नतीजों के बाद शेयर बाजार में RITES के शेयरों में हल्की मजबूती दिखी। स्टॉक 0.79%की बढ़त के साथ 225.58 रुपये पर पहुंच गया। शेयर ने ₹229.67 का इंट्राडे हाई भी छुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 12.87% नीचे आया है। वहीं, 1 साल से तकरीबन फ्लैट है। इसका मार्केट कैप 10.83 हजार करोड़ रुपये है।
RITES का बिजनेस क्या है
पब्लिक सेक्टर की RITES Ltd का मुख्य बिजनेस ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर कंसल्टेंसी और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट से जुड़ा है। कंपनी रेलवे, मेट्रो, रोड्स, पोर्ट्स, एयरपोर्ट और अर्बन ट्रांसपोर्ट जैसे सेक्टर्स में डिजाइन, प्लानिंग, इंजीनियरिंग, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, सुपरविजन और क्वालिटी कंट्रोल की सेवाएं देती है।
RITES भारत के साथ-साथ विदेशों में भी सरकारी और सार्वजनिक क्षेत्र के प्रोजेक्ट्स पर काम करती है। इससे इसे स्थिर ऑर्डर बुक और नियमित रेवेन्यू मिलता है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
Read More at hindi.moneycontrol.com