सेलिना जेटली, ने पिछले साल नवंबर में मुंबई की अंधेरी कोर्ट में अपने पति पीटर हाग से तलाक के लिए अर्जी दी थी. वहीं अब उन्होंने एक बहुत ही पर्सनल सोशल मीडिया पोस्ट में अपनी शादी की सच्चाई के बारे में बात की है. तलाक की अर्जी घरेलू हिंसा और दुर्व्यवहार के आधार पर दायर की गई थी, जिससे कई लोग हैरान थे, खासकर इसलिए क्योंकि सेलिना अक्सर हाग और अपने बच्चों के साथ प्यार भरे पारिवारिक पलों को ऑनलाइन शेयर करती थीं. अपनी लेटेस्ट पोस्ट में, सेलिना ने उस अपनी “15 साल की शादी” टूटने पर बात की. उन्होंने लिखा, “मेरा सबसे बड़ा सबक यह है कि: आप किसी को ज़्यादा प्यार करके नहीं बदल सकते. प्यार उस चीज़ को ठीक नहीं कर सकता जो पहले से ही टूटी हुई है.”
शादी प्यार, दर्द और सर्वाइवल के लेटर्स में ज़िंदा रही’
सेलिना ने अपनी पोस्ट में लिखा, “सभी खूबसूरत चीज़ों के पीछे की सच्चाई.. प्यार, दर्द और सर्वाइवल के खतों में जी गई एक शादी…..हज़ारों लोगों का शुक्रिया जो अपनी कहानियां मेरे साथ शेयर करते रहते हैं.. आपने मुझसे पूछा कि मेरी 15 साल पुरानी टूटी हुई शादी में मेरा सबसे बड़ा सबक क्या है? जो लोग मेरी राइटिंग को फॉलो करते हैं, वे जानते हैं कि मैं खुद को सबसे अच्छे से कैसे एक्सप्रेस करती हूं… यह कुछ ऐसा था जिसका इस्तेमाल मैंने तब किया जब मैं बोल नहीं पाती थी, जब मेरी बात नहीं सुनी जाती थी.” उन्होंने आगे कहा कि खत उनकी शादी को बचाने और उनके परिवार की रक्षा करने का एक तरीका बन गए. उन्होंने बताया कि उनकी शुरुआती राइटिंग “मेरे पति के ईगो को बढ़ाने, कमिटमेंट दिखाने और रिश्ते में आई दरारों को ठीक करने की कोशिशें थीं.”
हालांकि, समय के साथ, उनकी लिखने का तरीका बदल गया. उन्होंने कहा, “मेरे लेटर्स में उस सच्चाई की झलक मिलने लगी जिसमें मैं जी रही थी. उनमें उस दुर्व्यवहार के बारे में लिखा था जिसे मैं देख रही थी और सह रही थी, मेरी आवाज़ को बार-बार दबाया जाना, मेरी बात न सुनी जाना, और मुझ पर लगातार इल्ज़ाम लगाने का सिलसिला. “
‘मेरे प्यार का इज़हार सहने की कोशिश थी’
हिंसक शादियों के बारे में अक्सर लगाई जाने वाली अटकलों पर बात करते हुए, सेलिना ने साफ किया कि सबके सामने प्यार दिखाने का मतलब यह नहीं है कि दुख नहीं है. उन्होंने लिखा, “मेरे प्यार का इज़हार सहने और ज़िंदा रहने की कोशिश थी, न कि दुर्व्यवहार न होने का सबूत.” उन्होंने आगे कहा कि बहुत से लोग उम्मीद, डर, ज़िम्मेदारी और प्यार की वजह से हिंसक रिश्तों में रहते हैंय उन्होंने कहा, “वे रहते हैं और प्यार दिखाते रहते हैं, इसलिए नहीं कि वे कमज़ोर हैं, बल्कि इसलिए कि उम्मीद, डर, ज़िम्मेदारी और प्यार अक्सर वे चीज़ें होती हैं जो उन्हें ज़िंदा रखती हैं.”
वकील सेलिना के पीटर हाग संग तलाक पर क्या कहा?
सेलिना के वकील के अनुसार, पीटर हाग ने पिछले साल एक ऑस्ट्रियाई कोर्ट में तलाक के लिए अर्जी दी थी. उस दौरान कथित तौर पर सेलिना को पता चला था कि वियना में प्रॉपर्टी बिना उनकी जानकारी के बेची जा रही हैं. ऑस्ट्रियाई मामले में, हाग कथित तौर पर यह साबित करने की कोशिश कर रहे हैं कि सेलिना का उनकी किसी भी शेयर प्रॉपर्टी पर कोई दावा नहीं है. वकील ने आगे आरोप लगाया कि हाग शादी टूटने के लिए सेलिना को दोषी ठहरा रहे हैं. जबकि सेलिना ने अपने बच्चों की खातिर आपसी सहमति से तलाक की रिक्वेस्ट की थी लेकिन हाग इसके लिए तैयार नहीं थे.
मेंटेनेंस, कस्टडी और मुआवजे के दावे
करणजावाला एंड कंपनी द्वारा रिप्रेजेंट की गई याचिका में सेलिना ने मेंटेनेंस के तौर पर हर महीने 10 लाख रुपये मांगे हैं और कोर्ट से हाग को उनके मुंबई वाले घर में घुसने से रोकने की रिक्वेस्ट की है. उन्होंने अपने तीन बच्चों की कस्टडी भी मांगी है, जो फिलहाल अपने पिता के साथ ऑस्ट्रिया में रह रहे हैं. इसके अलावा, एक्ट्रेस ने अपने पति के कारण कथित तौर पर हुई कमाई के नुकसान का हवाला देते हुए 50 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग की है. बता दें कि सेलिना जेटली और पीटर हाग ने 2010 में शादी की थी. इस कपल के मार्च 2012 में जुड़वां बेटे हुए थे. पांच साल बाद, उन्हें फिर से जुड़वां बच्चे हुए, जिनमें से एक की हाइपोप्लास्टिक हार्ट के कारण मौत हो गई थी.
Read More at www.abplive.com