‘रेलवे को मिले 2911 करोड़ रुपये, सुक्खू सरकार विकास में अटका रही अड़ंगा’, जयराम ठाकुर ने बोला हमला

पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल में रेलवे विस्तार के लिए 2,911 करोड़ रुपये का बजट आवंटित करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया है. शिमला में जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि यह बजट यूपीए शासनकाल की तुलना में 27 गुना अधिक है, जो हिमाचल की कनेक्टिविटी के प्रति केंद्र की गंभीरता को दर्शाता है.

जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र के भरपूर सहयोग के बावजूद राज्य सरकार अपनी लापरवाही से परियोजनाओं को प्रभावित कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार रेल नेटवर्क विस्तार में अपने हिस्से का सहयोग नहीं कर रही है. देरी की वजह से परियोजनाओं की लागत निरंतर बढ़ती जा रही है. मुख्यमंत्री राजनीतिक विद्वेष छोड़कर विकास कार्यों में सहयोग करें ताकि बेहतर रेल कनेक्टिविटी का सपना साकार हो सके.

‘संवैधानिक अधिकारों का हनन कर रही सरकार’

जयराम ठाकुर ने पंचायत चुनाव की तैयारियों में हो रही देरी पर भी तीखे सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि समय सीमा बीत जाने के बाद भी 12 में से 10 जिलों में मतदाता सूची का प्रकाशन नहीं हो पाया है. माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद जानबूझकर चुनाव प्रक्रिया को लटकाया जा रहा है. मुख्यमंत्री स्पष्ट करें कि कोर्ट के आदेशों की अवहेलना उनके निर्देश पर हो रही है या उनके अधीनस्थ अधिकारी अपनी मर्जी कर रहे हैं?

‘अमेरिकी टैरिफ में कटौती PM मोदी की कूटनीतिक जीत’

अमेरिका द्वारा भारतीय उत्पादों पर टैरिफ कम करने के फैसले को जयराम ठाकुर ने ऐतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि मेड इन इंडिया उत्पादों पर शुल्क घटाकर 18% करना प्रधानमंत्री मोदी की कूटनीतिक सफलता है. इससे न केवल भारत के लघु उद्योगों और स्टार्टअप्स को वैश्विक बाजार मिलेगा, बल्कि भारतीय प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान मिलेगी.

उत्तराखंड बस हादसे पर शोक संवेदना

चौपाल से पांवटा साहिब जा रही एचआरटीसी (HRTC) बस के उत्तराखंड के क्वाणु में दुर्घटनाग्रस्त होने पर जयराम ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करते हुए हिमाचल और उत्तराखंड सरकार से आग्रह किया कि सभी घायलों को शीघ्र और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं.

Read More at www.abplive.com