इंदौर: थार पर स्टंट करने वाले हुड़दंगियों की निकली हेकड़ी, गिरफ्तारी के बाद कान पकड़कर मांगी माफी

स्वच्छ शहर इंदौर की सड़कों पर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाना और हुड़दंग करना चार युवकों को भारी पड़ गया. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई इंदौर पुलिस ने न केवल आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया, बल्कि उनका कान पकड़कर माफी मांगते हुए वीडियो भी जारी किया है, ताकि शहर के अन्य हुड़दंगियों को कड़ा संदेश मिल सके.

मामला इंदौर के तुकोगंज क्षेत्र का है, जहां बीते दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था. इस वीडियो में कुछ युवक एक थार (Thar) और एक स्विफ्ट (Swift) कार में सवार होकर बीच सड़क पर खतरनाक स्टंट कर रहे थे. युवक खिड़कियों से बाहर लटककर शोर मचा रहे थे और गाड़ी पर अवैध रूप से लगे हूटर बजाकर आम जनता को परेशान कर रहे थे. गाड़ियों पर नंबर प्लेट भी नहीं थी, जो सीधे तौर पर पुलिस को चुनौती थी.

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तुकोगंज पुलिस ने घेराबंदी की. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से चारों आरोपियों को दबोच लिया. गिरफ्तार युवकों की पहचान मयूर, सुकित, हिमांशु और उनके एक अन्य साथी के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके से स्टंट में इस्तेमाल की गई थार और स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली है.

माफी का वीडियो हुआ वायरल

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का एक और वीडियो जारी किया है. इसमें टशन दिखाने वाले ये युवक अब घुटनों पर हैं और कान पकड़कर प्रशासन व आम जनता से माफी मांग रहे हैं. वीडियो में वे कहते नजर आ रहे हैं कि “हमसे गलती हो गई, आगे से हम कभी ऐसा हुड़दंग नहीं करेंगे.”

राजेश दंडोतिया (एडिशनल डीसीपी) का बयान: > “इन युवकों ने मोटर व्हीकल एक्ट और सार्वजनिक शांति भंग करने की कई धाराओं का उल्लंघन किया था. गाड़ी में अवैध हूटर लगे थे और नंबर प्लेट भी गायब थी. हमने चारों को गिरफ्तार कर कारें जब्त कर ली हैं. शहर की सड़कों पर स्टंटबाजी और गुंडागर्दी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी.”

Read More at www.abplive.com