
Ather Energy Q3 Results: इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बनाने वाली कंपनी Ather Energy Ltd ने सोमवार (2 फरवरी) को दिसंबर तिमाही यानी Q3 के नतीजे जारी किए। इस तिमाही में कंपनी का नेट लॉस घटकर 83.6 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में नुकसान 197.6 करोड़ रुपये था। यानी घाटे में साफ कमी देखने को मिली।
रेवेन्यू में 50% का तगड़ा उछाल
दिसंबर तिमाही में एथर एनर्जी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 50 प्रतिशत बढ़कर 953.6 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले इसी तिमाही में यह आंकड़ा 635 करोड़ रुपये था।
इस ग्रोथ के पीछे दो बड़ी वजहें रहीं- गाड़ियों की बिक्री में मजबूत बढ़त और नॉन-व्हीकल रेवेन्यू का बढ़ता योगदान। सॉफ्टवेयर सब्सक्रिप्शन, चार्जिंग, एक्सेसरीज, स्पेयर्स और सर्विस से होने वाली कमाई अब कुल रेवेन्यू का 14 प्रतिशत हो चुकी है।
मार्जिन में बड़ा सुधार
मजबूत रेवेन्यू के साथ एथर एनर्जी के मार्जिन में भी साफ सुधार दिखा। Q3FY26 में एडजस्टेड ग्रॉस मार्जिन सालाना आधार पर 111 प्रतिशत बढ़कर 251.3 करोड़ रुपये हो गया।
इंसेंटिव हटाकर देखें तो एडजस्टेड ग्रॉस मार्जिन 23 प्रतिशत रहा, जो सालाना आधार पर करीब 1,100 बेसिस पॉइंट का सुधार दिखाता है।
EBITDA लॉस आधा हुआ
ऑपरेटिंग लेवल पर भी कंपनी की स्थिति मजबूत हुई है। तिमाही में EBITDA लॉस घटकर 72 करोड़ रुपये रह गया, जबकि एक साल पहले यह 140 करोड़ रुपये था।
EBITDA मार्जिन भी सुधरकर -3 प्रतिशत पर आ गया। यह सुधार बेहतर यूनिट इकॉनमिक्स, खर्चों पर नियंत्रण और वॉल्यूम बढ़ने से मिले ऑपरेटिंग लीवरेज की वजह से हुआ।
रिकॉर्ड तिमाही बिक्री
दिसंबर तिमाही में Ather ने 67,851 यूनिट्स बेचीं, जो कंपनी की अब तक की सबसे ज्यादा तिमाही बिक्री है। यह सालाना आधार पर 50 प्रतिशत की ग्रोथ को दिखाता है।
इस दौरान कंपनी का ऑल-इंडिया मार्केट शेयर बढ़कर 18.8 प्रतिशत हो गया। फेस्टिव सीजन के दौरान Ather ने 30,900 यूनिट्स की सबसे ज्यादा मासिक रजिस्ट्रेशन भी दर्ज की। इससे उस महीने कंपनी का मार्केट शेयर करीब 20 प्रतिशत रहा।
साउथ इंडिया में मजबूत पकड़
रीजन के हिसाब से देखें तो साउथ इंडिया Ather का सबसे मजबूत बाजार बना रहा। यहां कंपनी ने 24.4 प्रतिशत मार्केट शेयर के साथ अपनी लीडरशिप बनाए रखी। इसके पीछे गहरी मार्केट पैठ, मजबूत ब्रांड पहचान और मजबूत रिटेल नेटवर्क की अहम भूमिका रही।
बाकी भारत में तेज विस्तार
मिडिल इंडिया में कंपनी की ग्रोथ सबसे ज्यादा देखने को मिली। यहां मार्केट शेयर लगभग दोगुना होकर 8.8 प्रतिशत से 17.4 प्रतिशत पर पहुंच गया। इसमें गुजरात, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और ओडिशा की बड़ी भूमिका रही। ओडिशा में तो पिछले दो तिमाहियों में मार्केट शेयर लगभग दोगुना हो गया।
वहीं बाकी भारत में Ather का मार्केट शेयर बढ़कर 12.6 प्रतिशत हो गया, जो उत्तर भारत और उभरते बाजारों में लगातार मजबूती को दिखाता है।
CEO बोले, अब दिख रहा असर
एथर एनर्जी के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और CEO Tarun Mehta ने कहा कि Q3 कंपनी के लिए मजबूत तिमाही रही है। उनके मुताबिक, फेस्टिव डिमांड, अच्छी वॉल्यूम ग्रोथ और बढ़ता मार्केट शेयर मिलकर अब तक का सबसे बेहतर तिमाही रेवेन्यू और EBITDA लेकर आए हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ क्वार्टर से कंपनी का पूरा फोकस यूनिट इकॉनमिक्स, मार्जिन और ऑपरेटिंग लीवरेज सुधारने पर रहा है और अब उसका असर साफ दिखने लगा है। सबसे ज्यादा हौसला बढ़ाने वाली बात कंपनी के पूरे इकोसिस्टम की मजबूती है।
Ather Energy के शेयरों का हाल
नतीजों के दिन BSE पर Ather Energy के शेयर प्राइस में गिरावट देखने को मिली। कंपनी का स्टॉक सोमवार, 2 फरवरी को 2.97 प्रतिशत की गिरावट के साथ 607 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 1 महीने में स्टॉक 18% गिरा है। हालांकि, पिछले 6 महीने में इसने 52.04% का रिटर्न दिया है। वहीं, 1 साल इसने निवेशकों के पैसे डबल कर दिए हैं।
Bajaj Housing Q3 Results: बजाज ग्रुप की कंपनी का मजबूत रिजल्ट! मुनाफा 21% बढ़ा, NII में भी तगड़ा उछाल
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
Read More at hindi.moneycontrol.com