पानीपत शहर के विकास नगर (NFL) निवासी एक 45 वर्षीय कॉलोनाइजर सुरेंद्र कटारिया ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर मौत को गले लगा लिया. आरोप है कि सुरेंद्र के बिजनेस पार्टनर्स ने न केवल उनके करोड़ों रुपए दबा रखे थे, बल्कि उन्हें दफ्तर बुलाकर पिस्तौल के दम पर डराया-धमकाया भी जाता था.
सुरेंद्र तीन बच्चों के पिता थे. मामले की शिकायत पुलिस को दी गई. पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है. सुरेंद्र ने सुसाइड से पहले अपनी पत्नी को बताया कि पिस्तौल दिखाकर डराते हैं पार्टनर. न पैसे दे रहे हैं न रजिस्ट्री करा रहे.
मृतक की पत्नी ने किए चौंकाने वाले खुलासे
मृतक सुरेंद्र की पत्नी सोनिया ने पुलिस को दी शिकायत में रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे किए हैं. सोनिया के अनुसार, सुरेंद्र ने सुनील पंडित, वकील, मोनू और प्रदीप के साथ मिलकर गांव सिवाह में जमीन खरीदी थी और वहां कॉलोनी काटी थी.
पत्नी के अनुसार कॉलोनी में प्लॉट लेने वाले लोग सुरेंद्र पर रजिस्ट्री करवाने का दबाव बना रहे थे, लेकिन सुरेंद्र के बाकी पार्टनर रजिस्ट्री नहीं होने दे रहे थे. जब भी सुरेंद्र अपने पार्टनर्स से रजिस्ट्री की बात करते, वे उन्हें अपने ऑफिस बुला लेते.
पत्नी ने लगाया ये आरोप
सोनिया का आरोप है कि आरोपी पार्टनर सुरेंद्र के सामने मेज पर पिस्तौल रख देते थे और उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे. सोनिया ने बताया कि सुरेंद्र ने मरने से पहले उन्हें पूरी आपबीती सुनाई थी.
सुरेंद्र ने आरोपियों को 3 करोड़ 88 लाख रुपए नकद दिए थे. करीब ढाई करोड़ रुपये चेक के माध्यम से दिए थे. आरोपी न तो ये पैसे लौटा रहे थे और न ही ग्राहकों की रजिस्ट्री कर रहे थे, जिससे सुरेंद्र भारी मानसिक तनाव में थे. इसी परेशानी के चलते उन्होंने जहरीली गोलियां खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस ने सोनिया के बयान के आधार पर सुनील पंडित, वकील, मोनू और प्रदीप के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस आरोपियों के रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है.
Read More at www.abplive.com