
Data Centre Stocks: F&O (फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस) में एसटीटी (सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स) बढ़ाए जाने के चलते बजट पेश होने के दिन मार्केट में हाहाकार मच गया था। सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) 2-2% से अधिक टूट गए थे। हालांकि डेटा सेंटर्स और एआई कंपनियों के शेयर बजट के दिन भी चढ़े थे और आज फिर इनमें तेजी आई है। ई2ई नेटवर्क्स (E2E Networks) के शेयर तो करीब 10% उछलकर ₹2,526 पर पहुंच गए तो अनंत राज (Anant Raj) के शेयर 7% से अधिक चढ़कर ₹570.55 और नेटवेब टेक्नोलॉजीज (Netweb Technologies) के शेयर 5% उछलकर ₹3482.00 पर पहुंच गए।
क्या ऐलान किया वित्त मंत्री ने Budget में?
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को बजट पेश करते हुए भारत में डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर के इस्तेमाल से क्लाउड सर्विसेज मुहैया कराने वाली विदेशी कंपनियों को वलर्ष 2047 तक लैंडमार्क टैक्स हॉलिडे का ऐलान किया। इस टैक्स छूट का फायदा विदेशी कंपनियों को तभी मिलेगा, जब ये भारतीय रीसेलर्स के जरिए ही भारतीय ग्राहकों के पास जाती हैं। इससे क्लाउड सर्विसेज इकोसिस्टम में घरेलू भागीदारी सुनिश्चित होगी।
क्या कहना है एनालिस्ट्स का?
घरेलू ब्रोकरेज फर्म एचडीएफसी सिक्योरिटीज का कहना है कि भारत में डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर के इस्तेमाल से वैश्विक स्तर पर क्लाउड सर्विसेज देने वाली विदेशी कंपनियों को वर्ष 2047 तक कर टैक्स छूट देने का प्रस्ताव लॉन्ग-टर्म स्ट्रैटेजी को दिखाता है। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाकर और डेटा सेंटरों में निवेश को बढ़ावा देकर, आने वाले दशकों तक वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था में भारत की स्थिति मजबूत होगी।
Qlik के वाइस प्रेसिडेंट और एमडी (इंडिया) वरूण बब्बर का कहना है कि वैश्विक क्लाउड और डेटा सेंटर निवेश को आकर्षित करने पर बजट का जोर देश को डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर हब बनाने के इरादे का मजबूत संकेत है। वरूण का मानना है कि टैक्स में छूट से वैश्विक कंपनियों आकर्षित होंगी।
1Point1 सॉल्यूशंस के सीएमडी अक्षय छाबड़ा का कहना है कि देश में डेटा सेंटर्स चलाने वाली वैश्विक क्लाउड सर्विस प्रोवाइडर्स के लिए वर्ष 2047 तक टैक्स हॉलिडे का ऐलान लॉन्ग-टर्म इंवेस्टर्स और हाइपरस्केलर्स के लिए मजबूत संकेत है। अक्षय का कहना है कि इससे लगातार निवेश और बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे के निर्माण को सपोर्ट मिलेगा तो साथ ही वैश्विक क्लाउड, एआई और डिजिटल वैल्यू तेन में भारत की स्थिति मजबूत होगी।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।
Read More at hindi.moneycontrol.com