Share Market: कल रविवार के दिन खुला रहेगा शेयर बाजार, BSE-NSE में होगी ट्रेडिंग – share market will open on sunday trading will happen in bse nse stock market 1 february 2026 sunday

Budget 2026: कल 1 फरवरी को देश का आम बजट पेश किया जाएगा। रविवार को शेयर बाजार खुला रहेगा। NSE-BSE में कारोबार होगा। करीब 26 साल बाद एक बार फिर बजट रविवार के दिन पेश किया जाएगा। शेयर बाजार शनिवार और रविवार को बंद रहता है। लेकिन इस बार बजट पेश होने के कारण रविवार को भी शेयर बाजार में कारोबार होगा। बजट की अहमियत को देखते हुए नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) ने साफ कर दिया है कि 1 फरवरी को शेयर बाजार खुले रहेंगे। शेयर बाजार में सामान्य दिनों की तरह ट्रेडिंग होगी।

रविवार के लिए की खास तैयारी

अगर आप वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट भाषण के दौरान या उसके तुरंत बाद ट्रेडिंग करने की सोच रहे हैं, तो अपने लिए पहले ही मार्केट स्ट्रैटजी बना लीजिए। बजट से जुड़े बड़े ऐलानों का सीधा असर शेयर बाजार पर पड़ता है और इसी वजह से एक्सचेंजों ने 1 फरवरी के लिए खास तैयारी भी की है।

रविवार को होगा स्पेशल लाइव ट्रेडिंग सेशन

NSE और BSE की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक 1 फरवरी को विशेष लाइव ट्रेडिंग सत्र आयोजित किया जाएगा। एक्सचेंजों का मानना है कि बजट में टैक्स, सरकारी खर्च, इंफ्रास्ट्रक्चर, बैंकिंग और कई सेक्टरों से जुड़े बड़े फैसले होते हैं, जिन पर बाजार को तुरंत प्रतिक्रिया देने का मौका मिलना चाहिए। इसलिए रविवार होने के बावजूद बाजार बंद नहीं रखा जा रहा है।

दिलचस्प बात यह है कि आजाद भारत के इतिहास में यह दूसरा मौका होगा, जब रविवार को शेयर बाजार खुलेगा। इससे पहले 28 फरवरी 1999 को अटल बिहारी वाजपेयी सरकार के दौरान भी बजट के दिन रविवार को बाजार में कारोबार हुआ था। तब बजट 1 फरवरी नहीं 28 फरवरी के दिन पेश किया जाता था।

क्या रहेगा ट्रेडिंग का समय?

एक्सचेंजों ने साफ कर दिया है कि रविवार को बाजार की टाइमिंग बिल्कुल सामान्य दिनों की तरह होगा। यानि बजट भाषण आमतौर पर सुबह 11 बजे शुरू होता है। इस दौरान निवेशकों के पास ट्रेड करने का पूरा समय रहेगा।

प्री-ओपन मार्केट – सुबह 9:00 बजे से 9:08 बजे तक

नॉर्मल ट्रेडिंग सेशन – सुबह 9:15 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक

निवेशकों के लिए अहम?

बजट में टैक्स स्लैब, सरकारी खर्च, सब्सिडी, कैपिटल मार्केट से जुड़े नियम और सेक्टर से जुड़े ऐलान होते हैं जिसका असर शेयर बाजार पर नजर आता है। अगर बाजार बंद रहता, तो निवेशकों को अगले दिन तक इंतजार करना पड़ता। लेकिन इस बार वे बजट के ऐलान के साथ ही अपनी रणनीति बदल सकते हैं, मुनाफा कमा सकते हैं या नुकसान से बचने के फैसले ले सकते हैं।

Read More at hindi.moneycontrol.com