Ursula Von Der Leyen Indian Outfit: करीब दो दशकों के लंबे इंतजार के बाद भारत और यूरोपीय संघ के बीच आखिरकार फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर मुहर लग गई है. यह समझौता सर्विसेज, वस्तुओं और निवेश से जुड़े नियमों को आसान बनाने के साथ-साथ टैरिफ, कोटा और अन्य व्यापारिक अड़चनों को कम करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.
इस समझौते से दोनों पक्षों के बीच आर्थिक सहयोग और बाजार विस्तार को नई गति मिलने की उम्मीद है. एक्सपर्ट का मानना है कि यह डील आने वाले समय में व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर खोल सकती है. हालांकि, इस अहम समझौते के साथ-साथ एक और चीज ने लोगों का ध्यान खींचा, वह यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन का भारतीय अंदाज में नजर आया स्टाइल, जिसकी हर तरफ चर्चा होने लगी.
भारतीय लुक चर्चा का विषय
नई दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी, जहां उनका पारंपरिक भारतीय लुक चर्चा का विषय बन गया. राजघाट पर यूरोपीय आयोग प्रमुख ने मशहूर डिजाइनर अनामिका खन्ना की कस्टम डिजाइन की हुई पोशाक पहनी थी. इस लुक की पुष्टि खुद डिजाइनर ने सोशल मीडिया पर की. बारिश के बीच नीले रंग का बंधगला, जिसमें हेमलाइन पर लेस डिटेलिंग थी, उन्होंने आइवरी स्ट्रेट पैंट और बेज स्टिलेटोज़ के साथ कैरी किया. यह लुक सादगी के साथ भारतीय कारीगरी का शानदार नमूना था और भारतीय फैशन की खूबसूरती को अंतरराष्ट्रीय मंच पर दर्शाता नजर आया.
इंडियन- यूरोपियन रिलेशन का प्रतीक
उनकी यह स्टाइल चॉइस सिर्फ फैशन स्टेटमेंट नहीं थी, बल्कि भारत और यूरोपीय संघ के मजबूत होते रिश्तों का भी प्रतीक मानी गई. भारतीय टेक्सटाइल और डिजाइन की बारीकियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर एक बार फिर अपनी छाप छोड़ी और यह दिखाया कि फैशन भी कूटनीति का एक सशक्त माध्यम बन सकता है.
77वें गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान भी उर्सुला वॉन डेर लेयेन का लुक खासा चर्चा में रहा. इस मौके पर उन्होंने मैरून रंग का ब्रोकेड बंधगला पहना, जिसमें सुनहरे धागों का काम और बनारसी सिल्क का इस्तेमाल किया गया था. इसको प्रसिद्ध डिजाइनर राजेश प्रताप सिंह ने डिजाइन किया गया था. यह परिधान भारतीय परंपरा और आधुनिक डिजाइन का सुंदर संगम नजर आया.
पारंपरिक भारतीय शिल्पकला की झलक
इस बंधगले में जरी का काम और पारंपरिक भारतीय शिल्पकला झलक रही थी. फैशन के जरिए कूटनीति की यह झलक बताती है कि कैसे कपड़े भी देशों के बीच संबंधों की कहानी बयां कर सकते हैं. भारत-ईयू साझेदारी के इस नए अध्याय में फैशन और कूटनीति का यह मेल लोगों को खासा पसंद आया और सोशल मीडिया से लेकर फैशन जगत तक इसकी खूब चर्चा होती रही.
इसे भी पढ़ें- अब हुडी को कर दें बाय-बाय, ट्रेंड में आया यह स्टाइलिश स्वेटर, दीवानी हो जाती हैं लड़कियां
Read More at www.abplive.com