अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत और पाकिस्तान का युद्ध रुकवाने के लिए खुद को क्रेडिट दिया है. ऐसा तो वह कई बार कर चुके हैं, लेकिन इस बार उन्होंने एक नया दावा किया है. उनका कहना है कि उन्होंने दोनों देशों को 350 प्रतिशत टैरिफ लगाने और व्यापार बंद करने की धमकी दी थी, जिसके बाद दोनों मुल्क घबरा गए. ट्रंप ने यह भी कहा कि लड़ाई रुकवाने के बाद पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने फोन करके उन्हें धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने लाखों-करोड़ों लोगों की जान बचा ली है.
बुधवार (19 नवंबर, 2025) को यूएस-सऊदी इन्वेस्टमेंट फोरम को संबोधित करते हुए ट्रंप ने ये दावे किए हैं. उन्होंने कहा, ‘मैं विवाद सुलझाने में अच्छा हूं और मैंने हमेशा ऐसा किया है- पिछले कई सालों में मैंने इन मामलों में बहुत अच्छा काम किया है.’
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘भारत और पाकिस्तान- वे एक-दूसरे के परमाणु हथियारों पर हमला करने वाले थे. मैंने कहा ठीक है, आप कर सकते हो, लेकिन मैं दोनों देशों पर 350-350 प्रतिशत टैरिफ लगाऊंगा और अमेरिका आपके साथ और ट्रेड नहीं करेगा.’ ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों ने उनसे ऐसा न करने की अपील की. ट्रंप ने कहा, ‘उन्होंने कहा- नहीं, नहीं आप ऐसा नहीं कर सकते हैं. मैंने कहा- मैं करने जा रहा हूं. मेरे पास वापस आओ मैं इसा हटा दूंगा. मैं आपको एक दूसरे पर परमाणु हथियार चलाने, लाखों लोगों को मारने और लॉ एंजिल्स तक न्यूक्लियर धूल उड़ने नहीं दूंगा.’
ट्रंप ने कहा, ‘उन्होंने कहा- हमें यह पसंद नहीं है. मैंने कहा, मुझे फर्क नहीं पड़ता कि यह आपको पसंद है या नहीं.’ ट्रंप ने दावा किया कि उन्होंने युद्ध को रुकवाने के लिए 350 प्रतिशत टैरिफ और ट्रेड खत्म करने की धमकी दी थी. उन्होंने कहा कि कोई और राष्ट्रपति कभी ऐसा नहीं करेगा. जो बाइडेन को ये भी नहीं पता होगा कि हम किन देशों की बात कर रहे हैं. उनको कुछ पता ही नहीं है. यह कहते हुए ट्रंप जोर से हंसे.
ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने उन्हें फोन करके धन्यवाद किया और कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ने लाखों-करोड़ों लोगों की जान बचाई है. शहबाज शरीफ ने ट्रंप से कहा कि आप इन लोगों को जानते भी नहीं फिर भी उन्होंने इतने सारे लोगों की जान बचाई.
अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बदले में 7 मई को भारत ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों को तबाह करने के लिए ऑपरेशन सिंदूर लॉन्च किया था, जिसमें 9 टैरर कैंप बुरी तरह बर्बाद कर दिए गए. भारत की इस कार्रवाई से पाकिस्तान बुरी तरह बौखला गया और उसने भारत के कई शहरों में सैन्य ठिकानों पर हमले करने की नाकाम कोशिश की. इसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया और दोनों तरफ से एक-दूसरे पर हमले किए गए, 10 मई को भारत और पाकिस्तान सीजफायर पर सहमत हो गए.
Read More at www.abplive.com