सपा में गुटबाजी पर शिवपाल का बड़ा एक्शन, बदायूं जिले की सभी फ्रंटल इकाइयों को किया भंग, स्वामी प्रसाद मौर्य को बताया दोस्त

बदायूं । यूपी के बदायूं जिले में समाजवादी पार्टी में संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता को लेकर बड़ा एक्शन लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने साफ किया कि गुटबाजी अब सपा में किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसी क्रम में बदायूं जिले की सभी फ्रंटल इकाइयों को भंग कर दिया गया है, जबकि जिला कार्यकारिणी को भी भंग करते हुए केवल जिलाध्यक्ष को पद पर बनाए रखा गया है।

पढ़ें :- ‘जय श्री राम’ और ‘जय बजरंगबली’ का उद्घोष दंगा कराने का लाइसेंस बन चुके हैं : स्वामी प्रसाद मौर्य

शिवपाल यादव के आगमन से दो दिन पहले ही सपा के प्रदेश कार्यालय से आदेश जारी कर सभी फ्रंटल संगठनों युवा सभा, छात्रसभा, महिला सभा, लोहिया वाहिनी और प्रकोष्ठों को तत्काल प्रभाव से भंग करने के निर्देश दिए गए थे। सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने रविवार को सहसवान पहुंचकर दहगवां चौराहे पर एक होटल व हाल का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर सपा सांसद आदित्य यादव और सहसवान विधायक बृजेश यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व क्षेत्रीय नेता मौजूद रहे।

इस दौरान शिवपाल सिंह यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश में विकास कार्यों को ठेकेदारी के हवाले कर दिया है। अधिकतर काम गुजरात की कंपनियों को दिए जा रहे हैं। जनता के मुद्दे महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार आज भी जस के तस हैं। समाजवादी पार्टी ही जनता को राहत देने में सक्षम है।

भाजपा से मिली हैं मायावती: शिवपाल

सहसवान में पत्रकारों से वार्ता करते हुए सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि मायावती पूरी तरह से भाजपा से मिली हैं। जो भाजपा कहती है वह वही करती हैं। पीड़ितों के साथ सपा है, हम सभी को एकत्र कर रहे हैं। इसी से भाजपा बौखलाई हुई है। बीते 2024 के चुनाव में इसका उदाहरण सामने आ चुका है। बोले, बिहार चुनाव में राजद की जीत होगी और तेजस्वी की सरकार बनेगी। कहा कि भाजपा के लोग वोटर लिस्ट में गड़बड़ी करने का काम करते हैं।

पढ़ें :- स्वामी प्रसाद मौर्य ने लक्ष्मी पूजा पर खड़े किए सवाल, बोले -‘देवी पूजा करने से कोई अमीर बन जाता तो…’

शिवपाल यादव ने कहा कि स्वामी प्रसाद मौर्य बड़े नेता हैं और वह मेरे मित्र हैं। हालांकि वह कब क्या बोल दें, इसलिए उनकी बात को हम लोग गंभीरता से नहीं लेते हैं। शिवपाल ने कहा कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के दबाव में आए बिना निष्पक्ष चुनाव कराए।

शिवपाल यादव को सुनाई दास्तां

शिवपाल सिंह यादव और उनके पुत्र बदायूं से सांसद आदित्य यादव के पहुंचने पर पार्टी के नेताओं के जुबां पर बीते दिनों की बातें आ गईं। प्रदेश सचिव रजनीश गुप्ता ने यहां तक कह दिया कि नगर निकाय चुनाव में उन्हें पार्टी का सिंबल और बड़े नेताओं का साथ मिला होता तो तस्वीर बदल जाती। सपा नेता शिवपाल सिंह यादव रविवार दोपहर कुछ देर के लिए सपा के प्रदेश सचिव रजनीश गुप्ता के निवास पर रूके। स्वागत- सत्कार के बाद कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने खुद पर गुजरीं बातें सुनानी शुरू कीं तो राष्ट्रीय महासचिव से लेकर सांसद आदित्य यादव ने उन्हें टोका भी नहीं।

एकजुटता हमारी ताकत : आदित्य

सपा सांसद आदित्य यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अब हवा में चुनाव लड़ने का समय नहीं है। गुटबाजी छोड़कर सबको एकजुट होना पड़ेगा। अगर हम एक रहेंगे तो प्रदेश की हर विधानसभा सीट पर समाजवादी पार्टी का परचम लहराएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता ने सपा को भरपूर समर्थन दिया, अब विधानसभा चुनाव में उसी एकता और जनसमर्थन को बनाए रखना है। एक दूसरे की टांग खींचने से संगठन कमजोर होता है, जबकि हमारी ताकत हमारी एकजुटता है।

पढ़ें :- अखिलेश यादव कहते हैं “रोशनी के बाद का अंधेरा अच्छा नहीं” जबकि असली अंधेरा तो उनकी सोच में है:- भूपेंद्र चौधरी

Read More at hindi.pardaphash.com