मोदी जी आप हिम्मत दिखाइए, अमेरिका से आने वाले सामान पर 75 प्रतिशत Tariff लगाइए: अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने रविवार को प्रेस कॉफ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने कहा कि, सरकार ने चोरी-छिपे अमेरिका से आने वाली कपास पर 11% इंपोर्ट ड्यूटी हटाकर देश के किसानों को गहरे संकट में डाल दिया है। उन्होंने कहा, जून-जुलाई में किसान कर्ज लेकर कपास बोते हैं… बीज, खाद, मज़दूरी पर अपना सब कुछ लगा देते हैं। अक्टूबर-नवंबर में जब फसल तैयार होती है तो उम्मीद रहती है कि मंडी में मेहनत का दाम मिलेगा। लेकिन मोदी सरकार ने किसानों की पीठ में छुरा घोंपा है। अमेरिका से आने वाली कपास पर 11% ड्यूटी हटा दी गई। अब अमेरिकी कपास सस्ती होगी और हमारे किसानों की कपास मंडी में औंधे मुंह गिरेगी।

पढ़ें :- अमेरिका में जींद के युवक की गोली मारकर हत्या, परिवार का इकलौता बेटा था कपिल

उन्होंने आगे कहा, हीरे के कारीगरों के ऊपर भी बहुत बड़ा संकट आया है। यहां सूरत में लाखों कारीगर बेरोजगार और बेघर हो गए हैं। अमेरिकी सरकार ने हीरे के ऊपर भी 50% का Tariff लगाया लेकिन मोदी सरकार Trump के दबाव में झुक गई और अमेरिका को कोई जवाब नहीं दिया। मोदी जी आप हिम्मत दिखाइए, अमेरिका से आने वाले सामान पर 75% Tariff लगाइए।

केजरीवाल ने आगे कहा, टेक्सटाइल कंपनियों ने पहले ही अमेरिका से सस्ती कपास मंगवा ली है, क्योंकि सरकार ने आयात पर 11% ड्यूटी हटाकर इसे 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया है। अब हमारे देश का किसान कहां जाएं? मंडी में उसकी कपास नहीं बिकेगी… और कर्ज़ तले दबा किसान आत्महत्या की कगार पर है। लोग सवाल पूछ रहे हैं कि मोदी जी ने किसानों को बर्बाद करने वाला ये फ़ैसला क्यों लिया? अफ़वाह ये है कि उन्होंने अपने किसी उद्योगपति दोस्त को बचाने के लिए ऐसा किया है और ट्रम्प को खुश कर रहे हैं। सच जो भी हो, लेकिन नुकसान सिर्फ़ हिंदुस्तान के किसानों का हो रहा है।

साथ ही कहा, पंजाब इस वक़्त बहुत बड़ी त्रासदी से गुज़र रहा है। 1900 से ज़्यादा गांव और 3 लाख से ज़्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हैं। लेकिन इस भयावह स्थिति के बीच पंजाब के लोग पूरे हौसले से एक-दूसरे के साथ खड़े हैं। देशभर से लोग मदद के लिए आगे आ रहे हैं। आम आदमी पार्टी की पूरी सरकार, हर मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता जमीन पर उतरकर दिन-रात राहत कार्य में जुटे हैं। यही भाईचारा और इंसानियत पंजाब की असली ताक़त है।

 

पढ़ें :- पंजाब में जलप्रलय से बिगड़े हालात: आप के सभी सांसद-विधायक देंगे एक माह की सैलरी, केजरीवाल ने की ये अपील

 

Read More at hindi.pardaphash.com