वृंदावन में कॉलोनियों में घुसा पानी, सड़कें हुईं जलमग्न, बाढ़ प्रभावित लोगों को निकाला गया सुरक्षित बाहर

वृंदावन। लगातार हो रही बारिश के कारण उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बाढ़ से लोग जूझ रहे हैं। वृंदावन में भी यमुना के बढ़ते जलस्तर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब यमुना नदी का पानी कॉलोनियों में पहुंच रही है, जबकि कई यमुना के घाटों को सुरक्षा की दृष्टि से बंद कर दिया गया है। साथ ही वहां, पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी प्रकार की कोई अनहोनी न हो। वहीं, बाढ़ प्रभावित कॉलोनियों में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

पढ़ें :- Janmasthmi 2025: वृंदावन के रंगजी मंदिर में 18 को मनाई जाएगी जन्माष्टमी, लट्ठे मेले के साथ नंदोत्सव का होगा भव्य आयोजन

वृंदावन में यमुना के बढ़ते जलस्तर ने घाटों, कॉलोनियों और संकरी गलियों को जलमग्न कर दिया है। निचले इलाकों में यमुना नदी का पानी पूरी तरह से भर गया है, जिसके कारण वहां की हालत चिंताजनक बनती जा रही है। प्रशासन ने कई घाटों पर बैरिकेडिंग की है और पीएसी की तैनाती के साथ राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है। पहले तो केसी घाट को बंद किया गया था, लेकिन अब देवराहा बाबा घाट को भी बंद कर दिया है।

जगन्नाथ घाट और कालिदह मार्ग में सड़कें यमुना के पानी से लबालब हो रही हैं। यहां भी प्रशासन ने बैरियर लगा दिए हैं। भक्ति विहार, घनश्याम वाटिका, श्रीजी वाटिका, टटिया स्थान की गोशाला, श्याम नगर, केशव नगर, अक्रूर धाम, मोहिनी नगर आदि क्षेत्रों के हालात खराब हो रहे हैं। पिछले दो दिनों में नावों की मदद से यहां से लगभग 1500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। शहर के भीतर की सड़कों पर नावें चल रही हैं।

वहीं, प्रशासन ने नागरिकों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। साथ ही कहा कि, किसी तरह के अफवाहों से दूर रहें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने की सलाह दी गई है।

पढ़ें :- यूपी का पारा 48 पार, ये जिले रेड अलर्ट में, 30 मई से करवट लेगा मौसम

Read More at hindi.pardaphash.com