क्या फरवरी महीने में ही पसीना छुड़ाएगी गर्मी! केरल में 36.2°C तक पहुंचा टेम्परेचर, जानें आपके इलाके में कैसा रहेगा मौसम

आज का मौसम- India TV Hindi
Image Source : PTI
आज का मौसम

नई दिल्लीः जैसे-जैसे फ़रवरी आगे बढ़ रही है, टेम्परेचर में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक, लोग अलग-अलग तरह के हालात का अनुभव कर रहे हैं। पहाड़ी राज्यों में कहीं धूप खिली है तो कहीं बारिश हो रही है। वहीं, मैदानी इलाकों में दिन में गर्मी का एहसास हो रहा है जबकि आधी रात बाद ठंड का असर दिख रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 20 फरवरी को दिल्ली और लखनऊ सहित उत्तर भारत के बड़े शहरों में कोई खास बारिश की उम्मीद नहीं है।

अमृतसर में दर्ज हुआ सबसे कम तापमान

पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में 7-12°C के बीच न्यूनतम तापमान दर्ज किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, सौराष्ट्र और कच्छ और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में 12-15°C न्यूनतम तापमान दर्ज हो रहा है। भारत के मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.7°C अमृतसर (पंजाब) में देखा गया।

केरल में 36.2°C तक पहुंचा अधिकतम तापमान

 पिछले 24 घंटे के दौरान भारत के मैदानी इलाकों में सबसे ज़्यादा अधिकतम तापमान 36.2°C पुनालुर (केरल) में देखा गया। महाराष्ट्र, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और माहे में अधिकतम तापमान 34-38°C के बीच रहा। जम्मू-कश्मीर, पंजाब, छत्तीसगढ़, बिहार, गुजरात क्षेत्र, त्रिपुरा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पश्चिम मध्य प्रदेश में तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। यानी इन राज्यों में धीरे-धीरे गर्मी बढ़ रही है। 

अगले 7 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3°C की बढ़ोतरी की संभावना है। अगले 4 दिनों में महाराष्ट्र में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3°C की बढ़ोतरी हो सकती है। देश के बाकी हिस्सों में कम से कम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।

इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान तमिलनाडु, केरल और माहे में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। 22-24 फरवरी के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 

 दिल्ली का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को आसमान ज़्यादातर साफ़ रहेगा। सुबह के समय धुंध रहेगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान  27°C से 29°C और न्यूनतम तापमान 12°C से 14°C के बीच रहने की संभावना है। दिन में 15 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 

Latest India News

Read More at www.indiatv.in