
Stock in Focus: रेलवे सेक्टर की सरकारी कंपनी RailTel Corporation of India Limited को रेलवे सिग्नलिंग से जुड़ा करीब 35.6 करोड़ रुपये का नया ऑर्डर मिला है। कंपनी को यह ऑर्डर डिप्टी चीफ सिग्नल एंड टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियर ने दिया है।
यह प्रोजेक्ट नॉर्थ सेंट्रल रेलवे के प्रयागराज डिवीजन में किया जाएगा। इसमें MSDAC सिस्टम की व्यवस्था और उससे जुड़े अन्य काम शामिल हैं। साथ ही EI, RRI और PI स्टेशनों पर जरूरी इनडोर बदलाव भी किए जाएंगे।
रेलटेल को मिले कॉन्ट्रैक्ट की डिटेल
इस कॉन्ट्रैक्ट का अनुमानित आकार 35.60 करोड़ रुपये है। यह ऑर्डर एक घरेलू संस्था से मिला है और रेलवे सिग्नलिंग इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ा है। कंपनी को ऑर्डर मिलने की तारीख से 24 महीनों के भीतर काम पूरा करना है। इस प्रोजेक्ट की अंतिम तारीख 17 फरवरी 2028 तय की गई है।
4,550 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर भी
इससे पहले 9 फरवरी 2026 को RailTel को वेस्ट सेंट्रल रेलवे से 4,550 करोड़ रुपये का बड़ा ऑर्डर मिला था। इससे कंपनी की प्रोजेक्ट पाइपलाइन और मजबूत हुई है। इस प्रोजेक्ट को 960 दिनों में पूरा करना है और इसकी समयसीमा 24 सितंबर 2028 तक है।
पहले भी मिले कई बड़े कॉन्ट्रैक्ट
इससे पहले कंपनी को मॉडर्न कोच फैक्ट्री, रायबरेली से 94.24 करोड़ रुपये का ऑर्डर मिला था। इसके अलावा रक्षा मंत्रालय और PFMS से क्रमशः 140.71 करोड़ रुपये और 101.82 करोड़ रुपये के AMC और IT इंफ्रास्ट्रक्चर कॉन्ट्रैक्ट भी मिले थे।
दिसंबर तिमाही में रेलटेल का प्रदर्शन
रेलटेल ने हाल ही में तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 4 प्रतिशत घटकर 62.4 करोड़ रुपये रहा। हालांकि रेवेन्यू में अच्छी बढ़त दिखी। यह 19 प्रतिशत बढ़कर 913.4 करोड़ रुपये हो गया। EBITDA भी 10 प्रतिशत बढ़कर 133 करोड़ रुपये रहा।
किस सेगमेंट से कितनी कमाई
रेलटेल का कुल सेगमेंटल रेवेन्यू 913.45 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल यह 767 करोड़ रुपये था। टेलीकॉम सेवाओं से 349.5 करोड़ रुपये की आय हुई। वहीं प्रोजेक्ट वर्क सेवाओं से 564 करोड़ रुपये का योगदान मिला।
टेलीकॉम सेवाओं से टैक्स से पहले मुनाफा बढ़कर 78.92 करोड़ रुपये हो गया। दूसरी ओर प्रोजेक्ट वर्क सेवाओं का PBT घटकर 18.77 करोड़ रुपये रहा। यह पिछले साल 20.89 करोड़ रुपये था।
रेलटेल के शेयरों का हाल
RailTel का शेयर गुरुवार को NSE पर1.47 प्रतिशत गिरकर 328.65 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 8.44% नीचे आया है। वहीं, 1 साल में इसने 4.42% का रिटर्न दिया है। बीते 5 साल में कंपनी से निवेशकों को 170.54% का मुनाफा हुआ है। रेलटेल का मार्केट कैप 10.56 हजार करोड़ रुपये है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
Read More at hindi.moneycontrol.com