17 फरवरी को बांग्लादेश के 11वें प्रधानमंत्री के तौर पर शपथ लेने के बाद तारिक रहमान ने देश के नाम अपना पहला संबोधन दिया है. उन्होंने अपनी सरकार की प्राथमिकताओं, डेमोक्रेसी की बहाली से लेकर करप्शन पर लगाम लगाने का संकल्प लिया. बांग्लादेश का पीएम बनने के बाद उन्होंने अपने संबोधन में दो टूक कहा कि देश में शासन किसी दल या राजनीतिक प्रभाव या बल से नहीं बल्कि कानून से चलेगा.
सरकारी ब्रॉडकास्टर BTV ने तारिक रहमान की स्पीच का रात करीब 9 बजकर 45 मिनट पर प्रसारण किया. प्रधानमंत्री बनने के बाद राष्ट्र को दिए संबोधन में तारिक रहमान ने कहा, बीएनपी सरकार का मानना है कि किसी भी राजनीतिक दल, मत, धर्म के रूप में व्यक्ति की पहचान अलग हो सकती है, लेकिन यह देश सभी का है. किसी ने बीएनपी को वोट दिया हो या नहीं, लेकिन बांग्लादेश की नई सरकार पर सभी का समान अधिकार है.
तारिक रहमान ने कहा, वह देश के लोगों को यह संदेश देना चाहते हैं कि चाहे कोई मुस्लिम हो, हिंदू हो, बौद्ध हो या ईसाई, किसी भी पार्टी से जुड़ा हो, किसी भी धर्म या जाति का हो, पहाड़ों में रहता हो या मैदानों में, यह देश सभी का है. इस देश और इस राज्य में बांग्लादेशी के रूप में प्रत्येक नागरिक के पास समान अधिकार हैं. यहां किसी पार्टी या राजनीतिक प्रभाव का नहीं बल्कि कानून का शासन चलेगा.
रमजान की दी शुभकामनाएं
तारिक रहमान ने रमजान के पवित्र महीने की लोगों को बधाई दी. साथ ही रमजान के पवित्र महीने में लोगों को तकलीफ न देने और बिजनेस में ज्यादा प्रॉफिट न कमाने की अपील की. उन्होंने व्यापारियों को सावधान रहने की सलाह दी क्योंकि इससे वस्तुओं की कीमतें आम लोगों की पहुंच से बाहर हो जाती हैं.
तारिक रहमान ने कहा कि उनकी सरकार हर क्षेत्र में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को खत्म करने के लिए संकल्पित है. कहा, “अगर हम अपनी जनसंख्या को स्किल वर्कफोर्स में परिवर्तित कर पाएं, तो यह मानव संसाधन बन जाएगी. अगर हम खुद को स्किल से विकसित कर सके तो बांग्लादेश ही नहीं बल्कि वैश्विक बाजार भी हमारे लिए खुल जाएगा.”
रेल नेटवर्क को मजबूत करने की बात
तारिक रहमान ने बांग्लादेश में रेलवे के नेटर्क को मजबूत करने करने की बात कही. कहा, “हमारा मानना है कि अगर देश में रेलवे नेटवर्क मजबूत-आसान, सस्ता और सुरक्षित हो जाए, तो इससे लोगों की शहरी जीवन शैली पर निर्भरता कम होगी और पर्यावरण में भी सुधार होगा.”
रहमान ने कहा, “बांग्लादेश में हुए चुनाव में हमने आपसे वोट मांगा था, बीएनपी को वोट देकर लोगों ने हमें सरकार चलाने और अपनी योजनाओं को लागू करने का मौका दिया है, अब हमारा कर्तव्य है कि हम इन उम्मीदों को पूरा करें. उन्होंने कहा, अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने की इस यात्रा में हम आने वाले समय में आपका लगातार समर्थन चाहते हैं.”
Read More at www.abplive.com