वॉरेन बफे की बर्कशायर हैथवे ने न्यूयॉर्क टाइम्स में किया निवेश, डिजिटल मीडिया पर भरोसा या वैल्यूएशन पर दांव? – warren buffett berkshire hathaway sells apple amazon buys new york times 351 million dollar stake what it means for investors

दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे (Warren Buffett) की बर्कशायर हैथवे ने अपनी ताजा SEC फाइलिंग में The New York Times Company में 351.7 मिलियन डॉलर की नई हिस्सेदारी का खुलासा किया तो बाजार में हलचल मच गई। आफ्टर आवर्स ट्रेडिंग में शेयर 10% से ज्यादा उछल गए। इसके बाद सवाल उठने लगे कि आखिर NYT में अभी निवेश क्यों और निवेशकों के लिए इसका क्या मतलब है।

अखबारों से बफे का पुराना रिश्ता

बफे जीवनभर अखबारों के शौकीन रहे हैं। किशोरावस्था में उन्होंने कई रूट संभालते हुए करीब 5 लाख अखबार बांटे थे। बर्कशायर की सालाना मीटिंग्स में वे शेयरधारकों को अखबार उछालने की चुनौती भी देते थे।

समय के साथ वे दर्जनों अखबारों के मालिक बने। इनमें The Buffalo News और The Omaha World-Herald शामिल थे। वे The Washington Post की दिवंगत प्रकाशक कैथरीन ग्राहम के करीबी मित्र और बड़े वित्तीय समर्थक भी रहे।

Warren Buffett's 94th Birthday Gift: Seven timeless tenets of investing

अखबार उद्योग को लेकर चिंता

2010 तक बफे खुले तौर पर अखबारों की गिरती सर्कुलेशन और विज्ञापन आय को लेकर चिंतित हो गए थे। 2010 की बर्कशायर मीटिंग में उन्होंने कहा था कि बड़े अखबारों की सर्कुलेशन तेजी से गिर रही है और यह चौंकाने वाला है।

उन्होंने माना कि सूचना और मनोरंजन पहुंचाने का यह माध्यम अपनी प्रासंगिकता खो रहा है। पहले लोग अखबार से शेयर बाजार या खेल नतीजों की जानकारी लेते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं रहा। सर्कुलेशन घटने से विज्ञापनदाता दूर हुए। विज्ञापन घटने से अखबार की क्वालिटी और वैल्यू पर बुरा असर हुआ। इससे पाठक और कम हुए।

अखबार में उम्मीद से निराशा तक

इन चिंताओं के बावजूद बफे ने 2010 के दशक की शुरुआत में 28 दैनिक अखबार खरीदे। 2012 में उन्होंने शेयरधारकों को लिखे पत्र में कहा था कि मजबूत स्थानीय समुदायों को भरोसेमंद जानकारी देने वाले अखबार लंबे समय तक टिक सकते हैं, बशर्ते उनकी इंटरनेट रणनीति समझदारी भरी हो।

लेकिन 2019 तक उनका रुख काफी नकारात्मक हो गया। उन्होंने कहा कि सिर्फ कुछ राष्ट्रीय अखबार ही बच पाएंगे, जैसे कि The New York Times। बाकी गायब हो जाएंगे। उन्होंने अखबार विज्ञापन कारोबार के पतन पर भी अफसोस जताया और कहा कि यह ‘मोनोपॉली से फ्रेंचाइजी और फिर प्रतिस्पर्धा से होते हुए खत्म होने’ तक पहुंच गया है। 2020 में बफेट ने बर्कशायर के अखबार कारोबार को Lee Enterprises को बेच दिया।

2026 Investment Outlook: Diversification and innovation key to success

फिर क्यों लौटी बर्कशायर?

इतिहास को देखते हुए, NYT में दोबारा निवेश चौंकाने वाला है। लेकिन इसका एक बड़ा कारण पिछले कुछ वर्षों में The New York Times की मजबूत वापसी है। पिछले साल कंपनी की आय 9% बढ़कर 2.8 अरब डॉलर हो गई। शुद्ध मुनाफा 17% बढ़कर 344 मिलियन डॉलर पहुंच गया। सब्सक्रिप्शन आय 9% और विज्ञापन आय 12% बढ़ी।

एक अहम वजह 14 लाख नए डिजिटल-ओनली सब्सक्राइबर जुड़े, जिससे कुल सब्सक्राइबर संख्या 31 दिसंबर तक 1.2 करोड़ हो गई।

शेयर कीमत भी मजबूत रही है। 2009 में 5 डॉलर से नीचे जाने के बाद अब यह लगभग 15 गुना बढ़कर मंगलवार को रिकॉर्ड 74 डॉलर पर बंद हुआ। पिछले एक साल में ही इसमें 50% की तेजी आई है।

बुधवार के प्रीमार्केट में भी शेयर करीब 3% चढ़ा। इसे ‘बफे इफेक्ट’ का एक उदाहरण माना जा रहा है, जहां निवेशक बफेट की खरीद-बिक्री को देखकर उसी दिशा में कदम उठाते हैं।

NYT में कितना है बर्कशायर का निवेश

चौथी तिमाही में बर्कशायर ने कुल मिलाकर ज्यादा बिकवाली की। एप्पल में करीब 4% हिस्सेदारी घटाई, अमेजन में 77% कटौती की और बैंक ऑफ अमेरिका के शेयर भी बेचे। ऐसे माहौल में नया निवेश करना ही अलग बात थी। मीडिया कंपनी में निवेश तो और भी चौंकाने वाला था।

बर्कशायर ने 5.07 मिलियन शेयर खरीदे हैं। यह उसके कुल पोर्टफोलियो का सिर्फ 0.1% है। 351.7 मिलियन डॉलर यानी करीब ₹3,190.27 करोड़ बर्कशायर के लिए बहुत बड़ी रकम नहीं है। लेकिन बाजार केवल रकम नहीं देखता, वह संदेश देखता है।

मीडिया सेक्टर में दोबारा एंट्री को निवेशकों ने NYT के डिजिटल बदलाव पर भरोसे के रूप में लिया। यही वजह है कि शेयरों में तेजी आई। अब यह देखना होगा कि 1 जनवरी से बफे की जगह संभालने वाले नए सीईओ ग्रेग एबल के दौर में भी यह भरोसा कायम रहता है या नहीं।

From Omaha to Wall Street - The journey of investing legend Warren Buffett

NYT अब सिर्फ अखबार नहीं रहा

आज का NYT पारंपरिक प्रिंट अखबार नहीं है। कंपनी के पास 12 मिलियन से ज्यादा डिजिटल सब्सक्राइबर हैं। Wordle जैसे गेम्स ने उसे नई पहचान दी है। The Athletic के जरिए उसने स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में मजबूत डिजिटल आधार बनाया है। एफिलिएट और लाइसेंसिंग से आय भी बढ़ रही है। अमेजन की AI यूनिट के साथ कंटेंट डील भी इसका हिस्सा है।

दिसंबर तिमाही में औसत प्रति यूजर आय 3.6% बढ़कर 9.79 डॉलर हो गई। ज्यादा ग्राहक अब महंगे बंडल प्लान ले रहे हैं। कंपनी ने प्रिंट मॉडल से डिजिटल सब्सक्रिप्शन मॉडल की ओर सफल बदलाव किया है, यही इसकी सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है।

जोखिम भी नजरअंदाज नहीं किए जा सकते

हर कोई इस तेजी से सहमत नहीं है। NYT करीब 26 गुना फॉरवर्ड अर्निंग्स पर ट्रेड कर रहा है, जो एक मीडिया कंपनी के लिए ऊंचा वैल्यूएशन माना जाता है। कंपनी OpenAI और Perplexity के खिलाफ कॉपीराइट केस लड़ रही है। AI टूल अगर मुफ्त में खबरों का सार देने लगें तो सब्सक्रिप्शन ग्रोथ प्रभावित हो सकती है।

कंपनी अक्सर 1 डॉलर प्रति सप्ताह जैसे ऑफर देकर नए ग्राहक जोड़ती है। लेकिन पूरी कीमत पर रिन्यूअल के समय ग्राहक छूट सकते हैं। अमेजन के साथ कंटेंट डील से सालाना 20 से 25 मिलियन डॉलर की आय का अनुमान है, जो कुल अनुमानित आय का 1% से भी कम है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Read More at hindi.moneycontrol.com