फिल्म ‘धुरंधर 2’ पर बढ़ा संकट, सुरक्षा उल्लंघन को लेकर एसोसिएशन ने उठाई आवाज

मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है. फिल्म ‘धुरंधर 2’ की शूटिंग के दौरान लापरवाही के मामले ने तूल पकड़ लिया है. इस पूरे मुद्दे पर ऑल इंडियन सीने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने साफ शब्दों में कहा है कि किसी भी कीमत पर वर्कर्स की जान से समझौता नहीं किया जा सकता.

एसोसिएशन ने निर्देशक आदित्य धर और उनकी प्रोडक्शन कंपनी B62 स्टूडियोज के खिलाफ कार्रवाई का समर्थन किया है. बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने इस मामले में जो कदम उठाए हैं, उन्हें एसोसिएशन ने सही दिशा में उठाया गया फैसला बताया है.

सुरक्षा नियमों की हुई अनदेखी 

AICWA के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले टेक्नीशियन, मजदूर और वर्कर्स ही इसकी रीढ़ हैं. उनकी सुरक्षा, सम्मान और जिंदगी से कोई समझौता नहीं होना चाहिए. कोई भी प्रोडक्शन हाउस कानून से ऊपर नहीं है, चाहे वह कितना ही बड़ा क्यों न हो. एसोसिएशन के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ की शूटिंग के दौरान कई बार सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई. हाई-सिक्योरिटी इलाके में जलती मशालों का इस्तेमाल किया गया. कुछ लोकेशन्स बिना अनुमति के बदल दी गई. गैस सिलेंडर और जेनरेटर वैन का उपयोग भी नियमों के खिलाफ बताया गया. 

एसोसिएशन ने की निगरानी की मांग 

AICWA का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. पिछले कई सालों से शूटिंग सेट्स पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी की शिकायतें आती रही हैं. गोरेगांव फिल्म सिटी और अन्य स्टूडियो में आग लगने, करंट लगने, ऊंचाई से गिरने जैसी घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं. इन हादसों में कई वर्कर्स घायल हुए हैं और कुछ की जान भी जा चुकी है.

एसोसिएशन ने पहले भी राज्य सरकार और बीएमसी अधिकारियों से सख्त निगरानी की मांग की थी. अगर समय पर कदम उठाए जाते, तो ऐसे मामले दोबारा सामने नहीं आते. ‘धुरंधर 2’ मामले में बीएमसी द्वारा बी62 स्टूडियोज को ब्लैकलिस्ट करने की सिफारिश और जुर्माने के प्रस्ताव को एसोसिएशन ने मजबूत कदम बताया है, जिससे अन्य प्रोडक्शन हाउस के लिए यह चेतावनी साबित हो सकती है. 

Read More at www.abplive.com