धर्मनगरी उज्जैन में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने शहर का माहौल गरमा दिया. यहां चंडीगढ़ का रहने वाला एक मुस्लिम युवक, जफर, साधु के भेष में एक हिंदू युवती के साथ घूमते हुए पकड़ा गया.
माथे पर अष्टगंध चंदन, गले में रुद्राक्ष की माला और पीली धोती-कुर्ता पहने इस युवक को देखकर कोई भी धोखा खा सकता था. हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने जब उसकी असलियत पकड़ी, तो उसकी जमकर पिटाई कर दी और लहुलूहान हालत में नानाखेड़ा पुलिस के हवाले कर दिया.
पहचान छिपाकर महाकाल और मंदिरों में घूमा
जानकारी के मुताबिक, जफर चंडीगढ़ का निवासी है और वह दिल्ली की रहने वाली एक हिंदू युवती के साथ उज्जैन आया था. यहां उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए पूरी तरह हिंदू वेशभूषा धारण कर ली थी. वह इसी भेष में युवती के साथ महाकालेश्वर और हरसिद्धि माता मंदिर समेत कई देव स्थानों पर दर्शन करता रहा. होटल में कमरा लेने के लिए भी उसने अपनी आईडी नहीं दी थी, बल्कि युवती के पहचान पत्र का इस्तेमाल किया था.
एक आवाज से खुल गई पोल
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि एक गैर-हिंदू युवक पहचान छिपाकर शहर के होटल में रुका है. कार्यकर्ता दिनभर उसकी तलाश में थे. जब उन्होंने उसे रोका और नाम पूछा, तो जफर ने अपना हिंदू नाम बताया. उसके पहनावे को देखकर कार्यकर्ता भी भ्रमित हो गए. लेकिन तभी उसके एक साथी ने उसे ‘जफर’ कहकर आवाज लगा दी. बस यहीं से उसकी पोल खुल गई.
कड़े से वार कर फोड़ा सिर
शाम को नानाखेड़ा स्थित होटल पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उसे घेर लिया. हकीकत सामने आते ही भीड़ का गुस्सा फूट पड़ा. कार्यकर्ताओं ने उसे होटल से बाहर निकालकर पीटना शुरू कर दिया. पिटाई के दौरान एक कार्यकर्ता ने उसके सिर पर लोहे के कड़े (Kada) से वार कर दिया, जिससे वह लहुलूहान हो गया.
पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही नानाखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई. घायल युवक का मेडिकल करवाया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक और युवती दोनों से पूछताछ की जा रही है. यह जांच का विषय है कि उसने पहचान क्यों छिपाई थी. जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
Read More at www.abplive.com