
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के चेयरमैन रामदेव अग्रवाल का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने मुंबई के डुप्लेक्स फ्लैट के बारे में बताया है, जिसकी कीमत बीते करीब 40 सालों में कई गुना बढ़ी है। इस फ्लैट के रिटर्न को देखा जाए तो इसने शेयरों से ज्यादा रिटर्न दिया है। यह अपार्टमेंट समुद्र महल है, जो मुंबई के वर्ली में स्थित है। इसमें अग्रवाल का एक डुप्लेक्स फ्लैट है।
रामदेव अग्रवाल मुंबई के वर्ली स्थित इस फ्लैट में रहते हैं
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सर्कुलेटेड इस पुराने वीडियो में अग्रवाल यह बता रहे हैं कि वह जिस फ्लैट में रहते हैं उसे 1975-76 में एक खरीदार ने 125 रुपये प्रति वर्ग फीट के रेट से खरीदा था। वह बताते हैं कि आज इसकी कीमत 1.25 लाख रुपये प्रति वर्ग फीट हो गई है। आज ऐसी कम प्रॉपर्टी मिलेंगी, जिनकी कीमतें इतनी बढ़ी हैं। यह वीडियो 2017 का एक न्यूज चैनल को दिए अग्रवाल के इंटरव्यू का है।
इस फ्लैट ने बीते 40 सालों में 19% CAGR रिटर्न दिया है
अग्रवाल ने बताया है कि इस फ्लैट का बीते 40 सालों में सीएजीआर रिटर्न करीब 19 फीसदी है। इसके मुकाबले भारतीय शेयर बाजारों का सीएजीआर रिटर्न 17.5 फीसदी है। अग्रवाल और उनके परिवार ने इस फ्लैट को 2021 में 46.29 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह डुप्लेक्स प्रॉपर्टी 17वें और 18वें मंजिल पर है। यह जानकारी लोकल ब्रोकर्स ने मनीकंट्रोल को दी।
पांच दशक से ज्यादा पुराना है यह लग्जरी अपार्टमेंट
समुद्र महल करीब पांच दशक पुराना लग्जरी अपार्टमेंट है, जो समुद्र के किनारे स्थित है। यह मुंबई के सबसे महंगे इलाकों में से एक वर्ली में स्थित है। इस इलाके में मुंबई के कई अमीर लोग रहते हैं। यह कॉम्पलेक्स पहले भगोड़े हीरा कारोबारी नीरव मोदी के रेजिडेंस की वजह से चर्चा में था। यस बैंक के फाउंडर राणा कपूर और नीरव मोदी दोनों के डुप्लेक्स फ्लैट अपार्टमेंट के टॉप फ्लोर पर थे।
कई दिग्गज इंडस्ट्रियलिस्ट्स के फ्लैट इस अपार्टमेंट में
यह अपार्टमेंट के दो हिस्से हैं, जिनमें कुल 25 मजिलें हैं। इनमें तीन बेडरूम वाले 100 लग्जरी फ्लैट्स, डुप्लेक्स यूनिट्स, मशहूर ‘जोड़ी’ अपार्टमेंट्स और दो बंगला हैं। पहले यह प्रॉपर्टी ग्वालियर के शाही परिवार की थी। यह अपार्टमेंट 1973 में बना था। देश के कई दिग्गज इंडस्ट्रियलिस्ट्स् के फ्लैट्स इस अपार्टमेंट में हैं।
शुरुआत में यह इलाके की सबसे ऊंची इमारत थी
समुद्र महल जब बना था, तब यह इस इलाके की सबसे ऊंची इमारत थी। बताया जाता है कि इंडस्ट्रियलिस्ट नुसली वाडिया और राम बतरा ग्वालियर के शाही सिंधिया परिवार के करीबी मित्र थे। उन्होंने इस सिंधिया परिवार की मदद इस प्रोजेक्ट में की थी। 2011 में इस अपार्टमेंट में एक प्लैट की डील को लेकर खूब चर्चा हुई थी। यह इंडिया की सबसे महंगी प्रॉपर्टी डील थी।
Read More at hindi.moneycontrol.com