बिहार: पटना में महाशिवरात्रि पर ट्रैफिक अलर्ट, दोपहर बाद कई इलाकों में रहेगा डायवर्जन

बिहार समेत पूरे भारत में महाशिवरात्रि का पर्व 15 फरवरी को मनाया जा रहा है. इस दिन राजधानी पटना में अलग-अलग समितियों द्वारा शोभायात्राएं भी निकाली जारी हैं. जिसमें भीड़ को देकते हुए पटना पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. जिसमें कई रूटों पर ट्रैफिक दोपहर बाद रोक दिया गया और कई जगह डाइवर्ट किया गया है. ये यात्राएं दोपहर 3 बजे से शुरू होकर खाजपुरा शिव मंदिर, बेली रोड पर पहुंचेंगी, जहां भव्य अभिनंदन समारोह होगा.

एसपी ट्रैफिक सागर कुमार, एसएसपी कार्तिकेय शर्मा और जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन द्वारा जारी संयुक्त आदेश के अनुसार, एम्बुलेंस, अग्निशमन और अन्य अति आवश्यक वाहनों को छोड़कर सामान्य वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. यात्रा दोपहर 3 बजे से प्रभावी होगी.

प्रमुख ट्रैफिक डायवर्जन (नेहरू पथ/बेली रोड क्षेत्र)

  • राजाबाजार फ्लाईओवर के नीचे दुसरा टीओपी मोड़ से जगदेव पथ मोड़ तक: सभी सामान्य वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा.
  • रूपसपुर से चिड़ियाखाना गेट नंबर-01 तक: नगर सेवा/सिटी राइड बस/सीएनजी बसें फ्लाईओवर के ऊपर से चलेंगी.
  • जगदेव पथ मोड़ से हवाई अड्डा/आयकर गोलंबर/पटना जंक्शन की ओर आने वाले ऑटो/व्यावसायिक वाहन: जगदेव पथ मोड़ से दक्षिण जगदेव पथ रोड में डायवर्ट होंगे, फुलवारी जेल मोड़ होते हुए गंतव्य पहुंच सकेंगे.
  • दीघा/राजीवनगर/रणजीत कॉलोनी जाने वाले छोटे वाहन: पथ नंबर-04 (अम्बेडकर पथ मोड़) से अम्बेडकर पथ में डायवर्ट, फिर मौर्य पथ होते हुए आशियाना-दीघा रोड से गंतव्य.
  • दुसरा टीओपी मोड़ से पूर्व से पश्चिम जाने वाले वाहन: दुसरा टीओपी से दक्षिण हवाई अड्डा पश्चिमी गेट की ओर डायवर्ट, फिर फुलवारी जेल मोड़ से जगदेव पथ होते हुए आगे.
  • पूर्व से पश्चिम आशियाना/दीघा की ओर जाने वाले वाहन: राजाबाजार फ्लाईओवर के ऊपर से रूपसपुर पहुंचकर यू-टर्न लेकर अम्बेडकर पथ होकर जाएंगे.
  • आशियाना-दीघा रोड से नेहरू पथ आने वाले वाहन: पासपोर्ट ऑफिस मोड़ से अम्बेडकर पथ होते हुए जगदेव पथ मोड़ या फुलवारी जेल मोड़ से पूर्व की ओर जा सकेंगे.

वैकल्पिक मार्गों के इस्तेमाल की सलाह

  • यात्रा के दौरान नेहरू पथ (बेली रोड) पर भीड़ बढ़ने की संभावना है, इसलिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें.
  • आपातकालीन वाहनों को प्राथमिकता दी जाएगी.
  • ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक यात्रा टालें.

इसके अलावा किसी भी दिक्कत परेशानी में पुलिस प्रशासन से संपर्क करने की अपील की गयी है. पुलिस ने सभी से अपील की है कि त्यौहार शांतिपूर्वक मनाएं.

Read More at www.abplive.com