Q3 Results: घाटे से मुनाफे में आई तीन कंपनियां; शेयरों पर रखें नजर, मिल सकता है तगड़ी कमाई का मौका – q3 results 2026 tvs srichakra hcc puravankara return to profit from loss strong ebitda margin growth share price stocks in focus 13 february

Q3 Results: मौजूदा वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजों में तीन कंपनियों ने घाटे से मुनाफे में जोरदार वापसी की है। बेहतर ऑपरेटिंग प्रदर्शन और मार्जिन सुधार ने इन स्टॉक्स को चर्चा में ला दिया है। इन कंपनियों के शेयरों पर 13 फरवरी के कारोबारी सत्र में निवेशकों की नजर रहेगी। निवेशकों को तगड़ी कमाई का मौका मिल सकता है।

TVS Srichakra Ltd ने दिसंबर तिमाही (Q3FY26) में जोरदार सुधार दिखाया है। कंपनी ने 11.2 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में 6 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। ऑपरेशंस से आय 14.2 प्रतिशत बढ़कर 916.5 करोड़ रुपये रही। EBITDA 76.4 प्रतिशत उछलकर 78.3 करोड़ रुपये पहुंच गया। मार्जिन 5.5 प्रतिशत से बढ़कर 8.5 प्रतिशत हो गया। यह बेहतर लागत नियंत्रण और ऑपरेटिंग लीवरेज का संकेत है।

TVS Srichakra एक टायर निर्माता कंपनी है, जो TVS Eurogrip और TVS Tyres ब्रांड के तहत 2-पहिया, 3-पहिया और ऑफ-हाइवे/इंडस्ट्रियल टायर बनाती है। इसकी कमाई का बड़ा हिस्सा OEM सप्लाई, रिप्लेसमेंट मार्केट और निर्यात से आता है। NSE पर कंपनी का शेयर 1.7 प्रतिशत गिरकर 4,446.5 रुपये पर ट्रेड कर रहा था, जबकि नतीजों से पहले इसमें 4 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखी गई थी।

हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी लिमिटेड (HCC) ने भी घाटे से मुनाफे में वापसी की है। दिसंबर तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 8 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी तिमाही में 38.9 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। हालांकि रेवेन्यू 8.1 प्रतिशत घटकर 925.3 करोड़ रुपये रह गया। EBITDA में बड़ा सुधार दिखा और यह 67.2 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल इसी अवधि में 30.7 करोड़ रुपये का EBITDA घाटा था।

कंपनी ने नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे से 577.89 करोड़ रुपये का रेलवे प्रोजेक्ट हासिल किया है। यह प्रोजेक्ट HCC-VCCL जॉइंट वेंचर को मिला है, जिसमें HCC की 65 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इसमें चार महत्वपूर्ण सुरंगों का निर्माण, कट-एंड-कवर वर्क, एम्बैंकमेंट और अन्य सुरक्षा कार्य शामिल हैं। NSE पर HCC का शेयर 1.26 प्रतिशत बढ़कर 20.15 रुपये पर बंद हुआ।

Puravankara Ltd ने दिसंबर तिमाही (Q3FY26) में जोरदार वापसी की है। कंपनी ने 58.3 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। पिछले साल इसी अवधि में 92.6 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। तिमाही के दौरान रेवेन्यू बढ़कर 1,069 करोड़ रुपये रहा। यह एक साल पहले 318 करोड़ रुपये था। EBITDA मार्जिन 10 प्रतिशत से बढ़कर 23 प्रतिशत हो गया। तिमाही में बिक्री मूल्य 1,414 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल 1,209 करोड़ रुपये था।

कंपनी का कर्ज 16,100 करोड़ रुपये के संभावित सरप्लस से संतुलित है। इसमें स्वीकृत प्रोजेक्ट, आगामी विकास और कमर्शियल प्रोजेक्ट शामिल हैं। दक्षिण क्षेत्र में बिक्री 14 प्रतिशत बढ़ी, जबकि पश्चिम और कमर्शियल सेगमेंट में 34 प्रतिशत की बढ़त दर्ज हुई, खासकर ठाणे में ‘Purva Panorama’ लॉन्च के कारण। BSE पर कंपनी का शेयर 0.67 प्रतिशत बढ़कर 255.55 रुपये पर बंद हुआ।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Read More at hindi.moneycontrol.com