
करन ए. चनाना और अनीता डैंग भगोड़े घोषित।
राउज एवेन्यू अदालत की विशेष PMLA/FEOA कोर्ट ने 6 फरवरी 2026 के अपने आदेश में करन ए. चनाना (अमीरा प्योर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर) और अनीता डैंग (कंपनी की होल टाइम डायरेक्टर) को फ्यूजिटिव इकोनॉमिक ऑफेंडर यानी आर्थिक अपराध करके देश से भागे हुए आरोपी घोषित कर दिया है। कोर्ट ने इनके और इनसे जुड़ी कंपनियों की करीब 123.85 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने का आदेश भी दिया है। यह कार्रवाई फ्यूजिटिव इकोनॉमिक ऑफेंडर्स एक्ट 2018 के तहत की गई है।
क्यों भगोड़ा घोषित किया गया?
यह फैसला ED (प्रवर्तन निदेशालय) के गुरुग्राम जोनल ऑफिस की उस याचिका के आधार पर लिया गया, जिसमें दोनों को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित करने की मांग की गई थी। हाल ही में इंटरपोल ने भी ED के अनुरोध पर करन चनाना के खिलाफ सिल्वर नोटिस जारी किया है, ताकि दुनिया भर में उनकी संपत्तियों का पता लगाया जा सके और उन्हें फ्रीज़ किया जा सके।
क्या है आरोप?
यह मामला CBI द्वारा दर्ज FIR से शुरू हुआ था। आरोप है कि अमीरा प्योर फूड्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके डायरेक्टर-प्रमोटरों ने बैंकों से लिए गए पैसे में गड़बड़ी, फंड डायवर्जन, धोखाधड़ी और विश्वासघात किया, जिससे कनारा बैंक के नेतृत्व वाले बैंक कंसोर्टियम को लगभग 1201.85 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। अमीरा फूड्स ग्रुप पैक्ड फूड, खासकर बासमती चावल के कारोबार में था।
1201.85 करोड़ रुपये का लोन लिया था
ED की जांच में सामने आया कि कंपनी ने बैंकों से करीब 1201.85 करोड़ रुपये का लोन लिया, जो बाद में 2017 में NPA हो गया। जांच में कई लोगों और कंपनियों की भूमिका सामने आई, और 21 व्यक्तियों/कंपनियों के खिलाफ चार्जशीट (प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट) दाखिल की जा चुकी है। अब तक ED ने इस मामले में 131.51 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त (अटैच) की हैं, जिसे संबंधित प्राधिकरण ने भी मंजूरी दे दी है।
कहां रह रहे हैं दोनों भगोड़े?
ED की जांच में यह भी पता चला कि करन चनाना और अनीता डैंग भारत छोड़कर भाग चुके हैं और माना जा रहा है कि वे क्रमशः यूके और यूएई में रह रहे हैं। वे भारत की अदालतों का सामना करने से बच रहे हैं। इनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट और लुक-आउट सर्कुलर जारी किए जा चुके हैं। ED अभी भी इनकी और इनके परिवार की देश-विदेश में बाकी संपत्तियों का पता लगाने की जांच जारी रखे हुए है।
Latest India News
Read More at www.indiatv.in