
गूगल सर्च
Google Search से आप अपनी निजी जानकारियां, जैसे कि फोटो, आधार कार्ड, पैन कार्ड, अड्रेस, फोन नंबर आदि को डिलीट कर सकते हैं। ये जानकारियां काफी सेंसेटिव होती हैं और हैकर्स इसके जरिए आपके साथ फ्रॉड कर सकते हैं। कई बार डेटा लीक में आपकी निजी जानकारियां इंटरनेट पर उपलब्ध हो जाती हैं, जिसकी वजह से आपको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
क्या आपने कभी गूगल पर अपना नाम टाइप करके सर्च किया है? अगर, आपको नाम सर्च करने से पता, फोन नंबर, निजी फोटो, आधार और पैन कार्ड जैसी सेंसेटिव जानकारियां दिखाई दे तो अब आपको घबराने की जरूरत नहीं है। दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगल सर्च ने लोगों की इस परेशानी का समाधान कर दिया है। निजी डेटा के लीक होने से मंडराते खतरे को दूर करने के लिए गूगल ने एक टूल पेश किया है, जिसकी मदद से आप अपने निजी डेटा को गूगल सर्च से रिमूव कर सकते हैं।
Results About You
गूगल ने यूजर्स की प्राइवेसी को सुरक्षित रखने के लिए इस टूल को रोल आउट किया है। इस टूल के जरिए यूजर्स अपने बारे में सेंसेटिव जानकारियां गूगल सर्च से खुद हटा सकते हैं। इसके लिए यूजर को किसी एजेंसी के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। यूजर्स अपनी सेंसेटिवा जानकारियां जैसे कि पता, फोन नंबर, सरकारी डॉक्यूमेंट्स, फोटो आदि को गूगल से हटा सकते हैं।
कैसे हटाएं सेंसेटिव जानकारी?
- इसके लिए आपको अपने फोन में गूगल ऐप को ओपन करना होगा।
- फिर अपनी प्रोफाइल फोटो पर टैप करना होगा।
- इसके बाद आपको Results About You ऑप्शन पर सेलेक्ट करना होगा।
- यहां आपको वो सभी जानकारियां दिखाई देंगी, जिन्हें आप मॉनिटर करना चाहते हैं, जैसे कि नाम, आईडी नंबर, पता, फोन नंबर आदि का ऑप्शन मिलेगा।
- इसके बाद गूगल इंटरनेट पर मौजूद आपकी जानकारियों को स्कैन करेगा।
- जैसे ही आपको गूगल सर्च में आपकी निजी जानकारियां किसी सर्च रिजल्ट में मिलेंगी, वो नोटिफाई करेगा।
इस फीचर की मदद से लोग इंटरनेट पर मौजूद अपनी अश्लील या आपत्तिजनक तस्वीरों को हटा सकेंगे। साथ ही, सेंसेटिव जानकारियां, जैसे कि आधार कार्ड, फोन नंबर, पता, पासपोर्ट, पैन कार्ड आदि की डिटेल्स हटाई जा सकेंगी। इन सेंसेटिव जानकारियों को हटाने के लिए आप बस एक टैप में गूगल को रिक्वेस्ट कर सकते हैं। इसके बाद गूगल द्वारा एक्शन लिया जाएगा। आप इसका स्टेटस भी चेक कर सकते हैं। गूगल ने इस फीचर को चुनिंदा देशों में रोल आउट किया है, जल्द ही यह फीचर भारत में भी रोल आउट किया जाएगा।
यह भी पढ़ें – गर्मियां शुरू होने से पहले सस्ते हो गए 1.5 टन वाले Split AC, आधी कीमत में घर लाने का मौका
Read More at www.indiatv.in