
Eicher Motors Shares: आयशर मोटर्स के शेयर बुधवार 11 फरवरी को करीब 6.8% की तेजी के साथ रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गए। दिसंबर तिमाही के मजबूत नतीजों और ब्रोकरेज फर्मों के बुलिश रुख ने स्टॉक को नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। शुरुआती कारोबार में शेयर करीब 7,805.00 रुपये के स्तर तक पहुंच गया, जो अब इसका नया 52-वीक हाई है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे?
दिसंबर तिमाही में आयशर मोटर्स ने 1,420 करोड़ रुपये का कंसॉलिडेटेड शुद्ध मुनाफा दर्ज किया, जो सालाना आधार पर 21.3 प्रतिशत अधिक है। कंपनी का रेवेन्यू 23 प्रतिशत बढ़कर 6,114 करोड़ रुपये रहा। EBITDA में 29.6 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी के साथ यह 1,556.5 करोड़ रुपये पहुंच गया। EBITDA मार्जिन 25.5 प्रतिशत रहा, जो बाजार के अनुमान 24.7 प्रतिशत से बेहतर है।
Eicher Motors Shares: अधिकतर ब्रोकरेज बु्लिश
ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने इस शेयर पर अपनी ‘बाय’ रेटिंग दोहराते हुए 8,800 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है, जो मौजूदा स्तर से करीब 20.7 प्रतिशत की तेजी दिखाता है। ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी की वॉल्यूम ग्रोथ FY26 में अब तक 25 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है और अगले दो सालों में 67 प्रतिशत क्षमता विस्तार की योजना इसे आगे सपोर्ट करेगी। जेफरीज ने FY27–FY28 के लिए प्रति शेयर आय (EPS) अनुमान 3–4 प्रतिशत बढ़ा दिए हैं।
HSBC ने भी इस शेयर पर ‘बाय’ रेटिंग बनाए रखते हुए 8,200 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। HSBC का मानना है कि कंपनी फिलहाल मार्जिन विस्तार की बजाय वॉल्यूम ग्रोथ को प्राथमिकता दे रही है। ब्रोकरेज के अनुसार, FY28 तक सालाना उत्पादन क्षमता लगभग 12 लाख यूनिट से बढ़ाकर 20 लाख यूनिट करने की योजना है। हालांकि कमोडिटी कीमतों में बढ़ोतरी से मार्जिन पर कुछ दबाव आ सकता है।
CLSA ने आयशर मोटर्स के शेयर को ‘आउटपरफॉर्म’ की रेटिंग दी है और इसके लिए टारगेट प्राइस 8,066 रुपये तय किया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी का स्टैंडअलोन EBITDA मार्जिन 26.6 प्रतिशत रहा, जो अनुमान से करीब 200 बेसिस पॉइंट अधिक है। यह बेहतर प्रोडक्ट मिक्स, वैल्यू इंजीनियरिंग और पहले किए गए प्राइस हाइक के असर से संभव हुआ।
Citi ने इस शेयर पर अपनी ‘बाय’ की रेटिंग दोहराई है और 8,300 रुपये का टारगेट दिया है। सिटी के अनुसार, GST कटौती के बाद फुटफॉल, बुकिंग और कन्वर्जन में तेज सुधार देखने को मिला है। कंपनी ने FY28 तक 1.45 मिलियन यूनिट से बढ़ाकर 2 मिलियन यूनिट क्षमता करने की घोषणा की है, जिसके लिए दो सालों में लगभग 9.58 अरब रुपये का कैपेक्स प्रस्तावित है।
शेयरों का हाल
सुबह 11.30 बजे के करीब, आयशर मोटर्स के शेयर एनएसई पर 6.41 फीसदी की तेजी के साथ 7,764 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे। पिछले छह महीनों में आयशर मोटर्स का शेयर करीब 36 प्रतिशत चढ़ चुका है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।
Read More at hindi.moneycontrol.com