Titan Q3 Results: मुनाफा और रेवेन्यू में तगड़ा उछाल, ज्वेलरी सेगमेंट चमका; शेयरों पर रहेगी नजर – titan company q3 results profit and revenue surge jewellery business shines shares in focus

Titan Q3 Results: टाटा ग्रुप की ज्वेलरी दिग्गज टाइटन कंपनी (Titan Company) ने तीसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी का कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 61% बढ़कर 1,684 करोड़ रुपये हो गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह 1,047 करोड़ रुपये था। वहीं, ऑपरेशंस से रेवेन्यू 43% की तेजी के साथ 25,416 करोड़ रुपये पहुंच गया। यह एक साल पहले 17,740 करोड़ रुपये था।

ज्वेलरी बिजनेस ने दिखाई असली ताकत

टाइटन का ज्वेलरी बिजनेस इस तिमाही ग्रोथ का सबसे बड़ा आधार बना। ऊंची सोने की कीमतों के बावजूद ज्वेलरी पोर्टफोलियो (बुलियन और डिजी-गोल्ड को छोड़कर) 42% बढ़कर 22,517 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी के मुताबिक, मजबूत फेस्टिव कलेक्शंस, असरदार ब्रांड कैंपेन और एक्सचेंज ऑफर्स की वजह से मांग बनी रही।

भारत में ज्वेलरी बिजनेस ने 41% की सालाना बढ़त दर्ज की और यह 21,458 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, Tanishq, Mia और Zoya ब्रांड्स का संयुक्त कारोबार 40% बढ़कर 19,921 करोड़ रुपये रहा।

स्टोर नेटवर्क में तेज विस्तार

तीसरी तिमाही में टाइटन ने ज्वेलरी सेगमेंट में कुल 49 नए स्टोर जोड़े। भारत में 47 नए स्टोर खुले, जिनमें CaratLane, Mia, Tanishq और Zoya शामिल हैं। इसके अलावा, Tanishq ने अमेरिका में बोस्टन और ऑरलैंडो में दो नए स्टोर शुरू किए।

वॉचेज बिजनेस की तस्वीर

Titan का वॉचेज बिजनेस 14% बढ़कर 1,295 करोड़ रुपये रहा। फेस्टिव गिफ्टिंग और एनालॉग घड़ियों की मजबूत मांग ने इस सेगमेंट को सपोर्ट किया। एनालॉग वॉचेज में 20% की ग्रोथ दर्ज हुई। हालांकि, स्मार्टवॉच सेगमेंट में मांग कमजोर रही और वॉल्यूम सालाना आधार पर 27% घट गया।

अन्य बिजनेस सेगमेंट्स का हाल

EyeCare बिजनेस में लेंस और सनग्लासेज की अच्छी मांग रही। फ्रेगरेंस बिजनेस 24% बढ़ा। वूमेन्स बैग्स में वॉल्यूम और कीमत, दोनों के लिहाज से डबल डिजिट ग्रोथ देखने को मिली। Taneira का कंज्यूमर बिजनेस 7% बढ़ा।

Titan के मैनेजमेंट ने क्या कहा

Titan के मैनेजिंग डायरेक्टर अजय चावला ने कहा कि यह तिमाही कंपनी के लिए बेहद मजबूत रही। फेस्टिव सीजन के दौरान सभी प्रमुख बिजनेस में अच्छी मांग देखने को मिली।

उन्होंने कहा कि ज्वेलरी बिजनेस ने एक्सचेंज ऑफर्स और नए कलेक्शंस के जरिए शानदार प्रदर्शन किया। वहीं, वॉचेज और आईकेयर सेगमेंट ने भी अपनी ग्रोथ बनाए रखी। कंपनी आगे भी इनोवेशन और ब्रांड मजबूती पर फोकस जारी रखेगी।

Titan शेयरों का हाल

टाइटन के नतीजे बाजार बंद होने के बाद आए। इससे पहले कंपनी का शेयर करीब 1% की तेजी के साथ 4,293.80 रुपये पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान स्टॉक ने 4,329.60 रुपये का नया 52-वीक हाई भी छुआ।

टाटा मोटर्स को मिला बड़ा ऑर्डर, 70000 गाड़ियों की विदेश में होगी सप्लाई; शेयरों पर रहेगी नजर

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

Read More at hindi.moneycontrol.com