लैंबॉर्गिनी एक्सीडेंट केस: शिवम मिश्रा को बचाने में जुटे पिता, कमिश्नर के दावे को किया खारिज

कानपुर में लैंबॉर्गिनी एक्सीडेंट केस में मंगलवार (10 फरवरी) को शिवम मिश्रा के पिता के.के. मिश्रा थाने पहुंचे और पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा. इस दौरान शिवम मिश्रा के वकील धर्मेंद्र सिंह भी थाने पर मौजूद रहे. शिवम मिश्रा के वकील धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे के समय गाड़ी मोहन नाम का व्यक्ति चला रहा था, जो कि पेशे से ड्राइवर है. उन्होंने कहा कि ड्राइवर मोहन की जमानत अर्जी मंगलवार को कोर्ट में पेश की गई थी, जिस पर अगली सुनवाई के लिए बुधवार (11 फरवरी) की तारीख लगाई गई है.

शिवम मिश्रा के पिता ने दी यह जानकारी

शिवम मिश्रा के पिता के.के. मिश्रा ने बताया कि गाड़ी में कुछ तकनीकी खराबी थी, जिसे एक दिन पहले बाहर से आए मैकेनिक द्वारा ठीक कराया गया था. इसके बाद रविवार दोपहर करीब 3:30 बजे ड्राइवर मोहन और उनका बेटा शिवम गाड़ी लेकर निकला था. 

रास्ते में शिवम को अचानक असहज महसूस हुआ, जिस पर ड्राइवर ने उसकी ओर देखने की कोशिश की और ब्रेक लगाया. इसी दौरान दाईं ओर से एक ई-रिक्शा से गाड़ी को साइड लगी, स्टीयरिंग घूमने से बांई ओर चल रही बुलेट बाइक से भी टक्कर हुई.

‘शीशा तोड़कर शिवम को निकाला गया’

के.के. मिश्रा के अनुसार हादसे के बाद गाड़ी रुक तो गई, लेकिन लॉक हो गई और खुल नहीं सकी. इसके बाद पीछे चल रही गाड़ी में मौजूद बॉडीगार्ड मौके पर पहुंचे, शीशा तोड़ा गया और ड्राइवर की सीट से शिवम को बाहर निकाला गया. उन्होंने बताया कि उस समय शिवम की तबीयत ठीक नहीं थी.

हादसे के बाद शिवम घर लौटे, जहां दिल्ली में अपने डॉक्टर से फोन पर परामर्श किया. डॉक्टर की सलाह पर कुछ दवाएं दी गईं और इसके बाद शिवम को दूसरी गाड़ी से दिल्ली भेज दिया गया. फिलहाल शिवम दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज करा रहे हैं और उनकी तबीयत अभी पूरी तरह ठीक नहीं है. 

पिता ने खारिज किया कमिश्नर का दावा

पिता के मुताबिक एक-दो दिन में स्वास्थ्य बेहतर होने पर शिवम खुद आकर अपना बयान दर्ज कराएंगे. के.के. मिश्रा ने स्पष्ट तौर पर कहा कि जो लोग यह दावा कर रहे हैं कि गाड़ी शिवम मिश्रा चला रहे थे, वह पूरी तरह गलत है. उन्होंने कमिश्नर के उस दावे को भी खारिज किया, जिसमें गाड़ी शिवम द्वारा चलाए जाने की बात कही गई है. उनका कहना है कि गाड़ी सिर्फ और सिर्फ ड्राइवर मोहन ही चला रहा था.

Read More at www.abplive.com