
अमेजन
Amazon AI content marketplace: खबरों के मुताबिक अमेजन एआई कंटेंट मार्केटप्लेस लॉन्च करने की योजना बना रहा है। अमेजन ने एआई कंटेंट मार्केटप्लेस शुरू करने के लिए इंटरनल चर्चाएं शुरू कर दी हैं। कंपनी एक ऐसे मार्केटप्लेस का विचार कर रही है जहां पब्लिशर के साथ ही एआई कंपनियां और डेवलपर, कंटेंट लाइसेंसिंग की प्रक्रिया को तेज करने के लिए एक साथ आ सकेंगे। बताया जा रहा है कि हाल के महीनों में कई बार ये विचार सामने आया है।
AWS की तरफ से किया जा सकता है नेतृत्व
रिपोर्ट के मुताबिक अमेजन पब्लिशर्स और एआई डेवलपर्स के लिए एक कॉमन प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कंटेंट मार्केटप्लेस लॉन्च करने की योजना बना रहा है। इस प्रोजेक्ट का नेतृत्व अमेजन के क्लाउड कंप्यूटिंग डिवीजन अमेजन वेब सर्विसेज (AWS) की तरफ से किया जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट फिलहाल चर्चा के चरण में है और इस पर कितनी प्रोग्रेस हुई है यह साफ नहीं है। गौरतलब है कि पिछले हफ्ते, माइक्रोसॉफ्ट ने औपचारिक रूप से अपना मार्केटप्लेस लॉन्च किया है जिससे एआई डेवलपर्स लाइसेंस प्राप्त कंटेंट तक आसानी से पहुंच सकें और कंटेंट पब्लिशर्स को इसके लिए पेमेंट मिल सके।
रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने इंटरनल रूप से एक एआई कंटेंट मार्केटप्लेस लॉन्च करने की योजनाओं पर चर्चा शुरू कर दी है। प्रोजेक्ट की जानकारी रखने वाले सूत्रों का हवाला देते हुए पब्लिकेशन ने दावा किया कि एडब्ल्यूएस ने अपने सम्मेलन से पहले इंटरनल रूप से प्रोजेक्ट से संबंधित स्लाइड शेयर कीं हैं। रिपोर्ट के मुताबिक स्लाइड में एआई कंटेंट मार्केटप्लेस का जिक्र है और इसमें विभाग के मुख्य एआई टूल्स को प्लेटफॉर्म में जोड़ने का भी जिक्र है। रिपोर्ट के मुताबिक इन जिक्र किए गए टूल्स में बेडरॉक और क्विक सूट शामिल हैं।
जल्द ऐलान सुनने को मिल सकता है
जिस तरह से माइक्रोसॉफ्ट ने पहले ही अपना मार्केटप्लेस लॉन्च कर दिया है और पब्लिशर्स और एआई फर्मों दोनों को अपने साथ जोड़ लिया है, उसे देखते हुए अमेजन शायद जल्द से जल्द घोषणा करना चाहेगी। इस बात की संभावना कम है कि कंपनी अपने सम्मेलन में इस बारे में कोई ऐलान करेगी लेकिन जल्द ही इस बारे में अलग से कोई ऐलान सुनने को मिल सकता है।
कुछ एआई कंपनियों ने न्यूज पब्लिशर्स के साथ डील्स की हैं लेकिन ऐसी डील्स की संख्या ना के बराबर है। कुछ लोगों का तर्क है कि एक ऐसा बाजार जहां पब्लिशर कंटेंट को रजिस्टर करें, लाइसेंसिंग की शर्तें तय करें और उपयोग के आधार पर इंस्टेंट पेमेंट हासिल करें जिसके बदले में उन्हें तुरंत पहुंच मिल सके, पब्लिशर्स और एआई डेवलपर्स दोनों के लिए मददगार साबित हो सकता है।
कई एआई कंपनियों ने अपने बड़े भाषा मॉडल (एलएलएम) को ट्रेंड करने के लिए पब्लिशर्स से नैतिक रूप से डेटा हासिल करने में रुचि दिखाई है क्योंकि कई कंपनियों को बिना अनुमति के कॉपीराइट कंटेंट का इस्तेमाल करने के लिए मुकदमों का सामना करना पड़ा है। हालांकि लाइसेंसिंग प्रोसेस अक्सर कठिन और लंबा हो सकता है, जिसके लिए कानूनी जांच की आवश्यकता होती है। इससे बड़ी मात्रा में डेटा को तुरंत प्राप्त करना मुश्किल हो जाता है।
ये भी पढ़ें
Bluetooth या Wi-Fi ऑन रखने से फोन की बैटरी जल्दी खत्म होती है या नहीं, आज जान लें
Read More at www.indiatv.in