एपस्टीन फाइल्स में आए दिन नए खुलासे हो रहे हैं. दुनियाभर में जेफ्री एपस्टीन से जुड़े सीक्रेट दस्तावेजों ने हड़कंप मचा दिया है. अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट ने करीब 30 लाख पेज के डॉक्यूमेंट्स जारी किए, जिसके बाद 10 देशों में 15 से ज्यादा बड़े अधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया. 80 से ज्यादा ताकतवर लोगों पर जांच चल रही है. इन फाइलों में नेता, राजदूत, अरबपति और शाही परिवारों के नाम शामिल है. कई मामलों में नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण के आरोप भी हैं. इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और हिलेरी क्लिंटन जैसे कई बड़े नाम शामिल हैं. इनमें ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर का भी नाम जुड़ गया है और मामला इतना बढ़ गया है कि उनके इस्तीफे की मांग जोर पकड़ चुकी है.
क्या एपस्टीन फाइल्स में स्टार्म का नाम है?
खबर है कि लेबर पार्टी कीर स्टार्मर को माफ करने के मूड में नहीं है. इस वजह से उनके इस्तीफे की अटकलें लगाई जा रही हैं, जबकि उन्हें प्रधानमंत्री बने सिर्फ 18 महीने ही हुए हैं. स्टॉर्मर के चीफ ऑफ स्टाफ मॉर्गन मैकस्वीनी ने 8 फरवरी 2026 को इस्तीफा दे दिया था. मॉर्गन का कनेक्शन एपस्टीन फाइल्स से है. इन फाइलों में स्टार्मर का सीधा नाम नहीं है, लेकिन उनपर पीटर मैंडेलसन को अमेरिका में ब्रिटेन का राजदूत नियुक्त करने का आरोप है, जिसके जेफ्री एपस्टीन से संबंध थे. पीटर को नियुक्त करने की सलाह मॉर्गन ने ही दी थी.
क्या स्टार्मर इस्तीफा देने का मूड बना चुके?
कीर स्टार्मर के प्रवक्ता ने 9 फरवरी 2026 को बयान देते हुए कहा, ‘आज सुबह कर्मचारियों को संबोधित करने के बाद स्टारमर का मूड उत्साहित और आत्मविशास से भरा है.’ प्रवक्ता ने इस बात से भी इनकार किया कि प्रधानमंत्री बीते दिनों से अपने पद पर विचार कर रहे थे. उन्होंने जोर देकर कहा, ‘यह वह प्रधानमंत्री नहीं हैं जो आज सुबह कर्मचारियों के सामने पेश हुए थे. वह पूरे देश में बदलाव लाने के लिए काम में लगे हुए हैं. यह साफ है कि वह इस काम को पूरा करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं. स्टारमर को भरोसा है कि उन्हें कैबिनेट का सर्वसम्मत समर्थन हासिल है.’
इस दौरान लंदन में 10 डाउनिंग स्ट्रीट का भी बयान सामने आ गया है. स्ट्रीट का कहना है कि कीर स्टारमर इस्तीफा नहीं दे रहे हैं और ‘अपने मौजूदा काम पर ध्यान केंद्रित करेंगे.’
एपस्टीन फाइल्स कई देशों की सरकारों के लिए कूटनीतिक और राजनीतिक शर्मिंदगी का कारण बन गईं. ब्रिटिश PM स्टार्मर को माफी मांगनी पड़ी, जबकि प्रिंस एंड्रयू के खिलाफ ब्रिटिश पुलिस ने नई फाइलों के आधार पर ‘फ्रेश रिव्यू’ शुरू किया है.
यूरोप में एपस्टीन फाइल्स से मचा बवाल
- नॉर्वे में राजदूत मोना जुएल को निलंबित किया गया और पूर्व PM थोरबजॉर्न जगलैंड के खिलाफ भ्रष्टाचार जांच शुरू हुई. सीनियर डिप्लोमेट तेर्झे रोड-लार्सन पर भी जांच चल रही है.
- फ्रांस में पूर्व मंत्री जैक लैंग को आधिकारिक समन जारी हुआ है. पोलैंड, लातविया और तुर्किये ने मानव तस्करी के साथ आधिकारिक साठगांठ की जांच के लिए स्पेशल टीमें बनाईं.
- स्लोवाकिया में पूर्व विदेश मंत्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मीरोस्लाव लाइचाक ने 300 से ज्यादा ईमेल और आपत्तिजनक चैट सामने आने पर इस्तीफा दिया है.
- स्वीडन की सीनियर डिप्लोमेट जोआना रुबिनस्टीन ने पद छोड़ दिया है.
Read More at www.abplive.com