
यूपीआई ऐप पर प्लेटफॉर्म फीस
Extra Platform Fees: मोबाइल रिचार्ज कराने के लिए अक्सर हम किसी UPI ऐप का सहारा लेते हैं और इसके जरिए अपने हर महीने होने वाले रिचार्ज पर अच्छी-खासी रकम भी खर्च करते हैं। इस खर्च से तो हम नहीं भाग सकते लेकिन यूपीआई प्लेटफॉर्म्स की तरफ से लिए जाने वाली प्लेटफॉर्म फीस पर शायद हम कुछ पैसे बचा सकते हैं। थर्ड पार्टी यूपीआई ऐप्स फोन रिचार्ज कराने पर आपसे प्लेटफॉर्म फीस वसूलते हैं और इसके बदले में आपको बिल पेमेंट या रिचार्ज की सुविधा मिलती है। हालांकि हर महीने कई रुपये आप अतिरिक्त इस प्लेटफॉर्म फीस के तौर पर यूपीआई ऐप्स के हवाले कर देते हैं और आपको पता भी नहीं चलता कि किस तरह आपकी जेब पर बोझ बढ़ता है। यहां हम आपको इसी प्लेटफॉर्म फीस से बचाने के कुछ उपाय बताने आए हैं जिन्हें आजमाकर आप हर महीने जाने वाली अच्छी रकम को बचा सकते हैं।
बैंकिग एप्स का यूज करके बचा सकते हैं पैसे
अगर आप थर्ड पार्टी ऐप यूज करते हैं तो आपको जरूर एक्स्ट्रा पैसे देने पड़ते हैं लेकिन अगर आप बैंकों की ऐप यूज करें तो आपको बिना अतिरिक्त खर्च के मोबाइल रिचार्ज, बिजली बिल पेमेंट जैसे सर्विसेज मिल सकते हैं। उदाहरण के लिए आप निजी बैंकों की ऐप यूज करें या सरकारी बैंकों की ऐप यूज करें तो वहां आपको यूपीआई की सुविधा मिलती है और आप अपने जरूरी पेमेंट कर सकते हैं। मोबाइल रिचार्ज कराने से लेकर यूटिलिटी बिल पेमेंट के लिए आपसे कोई एक्स्ट्रा प्लेटफॉर्म फीस नहीं ली जाएगी क्योंकि बैंकों की ऐप फिलहाल आपसे कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं वसूल रही हैं।
डायरेक्ट ऐप का यूज करके बचा सकते हैं पैसे
मान लीजिए कि आपके पास एयरटेल का प्रीपेड कनेक्शन है और आप पेटीएम के जरिए इसको रिचार्ज कराते हैं तो आपसे 1.80 रुपये की प्लेटफॉर्म फीस हर रिचार्ज पर वसूली जाएगी। इससे बचने के लिए बहुत अच्छा विकल्प है कि आप डायरेक्ट अपने सर्विस प्रोवाइडर की ऐप पर ही जाकर रिचार्ज या बिल पेमेंट की सर्विस लें जिससे आपको कोई अतिरिक्त खर्च नहीं करना होगा। एयरटेल थैंक्स ऐप या इनकी वेबसाइट के जरिए आप रिचार्ज या यूटिलिटी बिल पेमेंट कर सकते हैं।
ऑल्टरनेटिव यूपीआई ऐप्स का यूज करके बचाएं पैसे
आप BHIM जैसे ऑल्टरनेटिव यूपीआई ऐप्स के जरिए पेमेंट करने का ऑप्शन भी देख सकते हैं और इन पर आपको एक्स्ट्रा खर्च नहीं करना पड़ता है क्योंकि ये ऐप किसी तरह की प्लेटफॉर्म फीस नहीं वसूलती है। अगर आपका रिचार्ज 299 रुपये का है तो ये उतने में ही आपको रिचार्ज करके देगी। इस तरह से छोटी-छोटी बचत भी आपको धीरे-धीरे अच्छा अमाउंट जुड़वा सकती है।
ये भी पढ़ें
Google Pixel 10a खरीदने के लिए कौनसी ई-कॉमर्स साइट का करना पड़ेगा रुख, सामने आया ये नाम
Read More at www.indiatv.in